फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: नौतपा के आज पहले दिन सांसद चुनेंगे 7,15,760 मतदाता

विज्ञापन
मतदान सामग्री लेकर रवाना होती पिंक बूथ के लिए नियुक्त महिला कर्मचारी।
विज्ञापन
नौतपा के पहले दिन ही जिले के 7,15,760 मतदाता अपना सांसद चुनेंगे। तीनों विधानसभा फतेहाबाद, रतिया व टोहाना में शनिवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदाता 19 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। वर्ष 2019 में जिले में 76.40 फीसदी मतदान हुआ था जिसे इस बार बढ़ाना चुनाैती होगी।
विज्ञापन


जिले में 688 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर भोड़ियाखेड़ा स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय, टोहाना के लघु सचिवालय व रतिया के सामुदायिक केंद्र से पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। मतदान के बाद तीनों विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम व चुनाव सामग्री भोड़ियाखेड़ा के ही राजकीय महिला महाविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करवाई जाएंगी। जिले में मतदान के लिए 3440 कर्मियों सहित 58 माइक्रो ऑब्जर्वर, 60 सेक्टर ऑफिसर्स व 33 ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।

फतेहाबाद क्षेत्र में 237 पोलिंग पार्टियां लगी हैं जबकि 36 को रिजर्व रखा है। रतिया में 224 पोलिंग पार्टियां व 33 रिजर्व तथा टोहाना में 227 पोलिंग पार्टियां लगी हैं जबकि 34 को रिजर्व में रखा गया है। सभी पोलिंग बूथों पर वेबकास्टिंग करवाई जाएगी। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को लाने व ले जाने के लिए सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवक बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने व ले जाने के लिए कार्य करेंगे। बूथों पर पीने के पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे।
विज्ञापन


जिले में 3,76,509 पुरुष व 3,39,232 महिला मतदाता

जिले में 7,15,760 मतदाताओं में से 3,76,509 व 3,39,232 महिला और 19 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इसके अलावा 1524 मतदाता सर्विस वोटर हैं, जिनमें से 1485 पुरुष व 29 महिला है। हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक पिंक बूथ और चार मॉडल पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। फतेहाबाद विधानसभा में 2,58,568, टोहाना विधानसभा में 2,30,981 तथा रतिया विधानसभा में 2,27,735 मतदाता पंजीकृत हैं। हर पोलिंग बूथ पर मेडिकल किट उपलब्ध करवाई गई है, जिसमें बुखार से बचाव की गोली से लेकर ओआरएस का घोल तक उपलब्ध है।
पिंक बूथों पर महिला होंगी पोलिंग अधिकारी
जिले में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक पिंक बूथ बनाया गया है, जिस पर महिलाएं पोलिंग ऑफिसर होंगी। इस पोलिंग बूथ पर आंगनबाड़ी वर्कर की विशेष ड्यूटियां लगाई है। स्तनपान के लिए काउंटर स्थापित किए हैं। महिलाओं के बैठने के लिए अलग से व्यवस्था रहेगी। फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक पाठशाला ठाकर बस्ती के बूथ नंबर 37, रतिया विधानसभा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथ नंबर 83 और टोहाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथ नंबर 89 को पिंक बूथ स्थापित किया गया है। फतेहाबाद के पिंक बूथ पर पीओ प्रियंका चौधरी होंगी जबकि दलवंती नैन, जरिना, कविता भी ड्यूटी देंगी।

थीम पर आधारित चार मॉडल बूथ भी बनाए

जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष फोकस करते हुए मॉडल पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। इनमें ग्रीन थीम सहित सांस्कृतिक गतिविधियों और वन्य जीव संरक्षण थीम पर बूथ स्थापित किए गए है। पोलिंग बूथों पर हरियाणवी, पंजाबी संस्कृति को दर्शाने के अलावा वन्य जीव संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। टोहाना विधानसभा क्षेत्र में नगर परिषद कार्यालय के बूथ नंबर 64 को ग्रीन सिटी थीम, फतेहाबाद विधानसभा के राजकीय कन्या हाई स्कूल बड़ोपल के बूथ नंबर 149 को वन्य जीव संरक्षण प्रकृति का अभिनंदन तथा भट्टू कलां के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथ नंबर 127 को हरियाणा के आर्ट्स व कल्चर थीम जबकि रतिया विधानसभा क्षेत्र के मदर इंडिया कॉन्वेंट स्कूल के बूथ नंबर 72 को पंजाबी कल्चर के रंगों की थीम पर स्थापित करवाया है।


49 जगहों पर 99 बूथ हैं संवेदनशील व अति संवेदनशील
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिले और राज्य की सीमाओं पर कड़ी नाकेबंदी की गई है। आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली जा रही है। चुनाव प्रक्रिया में एसपी के अलावा चार डीएसपी, 16 निरीक्षक सहित 2000 पुलिसकर्मी लगाए गए है। चार सीआरपीएफ कंपनियां तैनात की गई है। संवेदनशील व अंति संवेदनशील 49 स्थानों के 99 बूथों पर विशेष सुरक्षा रखी गई है।

घर बैठे डाउनलोड करें फोटोयुक्त डिजिटल वोटर कार्ड

चुनाव आयोग ने देशभर में डिजिटल मतदाता पहचान पत्र या इलेक्ट्रॉनिक इलेक्टोरल फोटो आईडी कार्ड यानी ई-ईपीआईसी की सुविधा शुरू कर रखी है। अगर मतदाता की वोटर आईडी कहीं गुम गई तो वोटर हेल्पलाइन एप या फिर चुनाव आयोग की वेबसाइट से अपना वोटर कार्ड आसानी से मोबाइल या कंप्यूटर पर डाउनलोड कर सकते हैं। डिजिटल वोटर कार्ड ई-ईपीआईसी को डिजी लॉकर में भी अपलोड कर सकते हैं। इसे प्रिंट भी करवा सकते हैं। ई-ईपीआईसी वोटर कार्ड ओरिजिनल वोटर आईडी कार्ड का एक नॉन-एडिटेबल पीडीएफ वर्जन है। वोटर आईडी के पीडीएफ वर्जन को भी आइडेंटिटी के साथ एड्रेस प्रूफ के तौर पर इस्तेमाल कर सकेंगे। डिजिटल कार्ड को डाउनलोड करने के लिए राष्ट्रीय मतदाता पोर्टल ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन पर विजिट करें। नए यूजर को रजिस्टर करना होगा। ई-ईपीआईसी डाउनलोड करने के विकल्प पर क्लिक करें। फिर ई-ईपीआईसी नंबर या फॉर्म रेफरेंस नंबर को दर्ज करें। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। इसके बाद ई-ईपीआईसी डाउनलोड का विकल्प सामने होगा।
कोट
जिले में मतदान की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मतदाता निर्भीक होकर मतदान करने पहुंचे। मतदान के लिए सभी बूथों पर हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
विज्ञापन

-राहुल, जिला निर्वाचन अधिकारी, फतेहाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें