फतेहाबाद में मतदान केंद्रों पर पहुंची टीमों को दी गई फर्स्ट एड किट
फतेहाबाद। गर्मी और लू के बीच शनिवार को लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान होने जा रहा है। अधिक से अधिक मतदान करवाना प्रशासन के लिए भी चुनौती बना हुआ है। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर तैनात टीमों के स्वास्थ्य को लेकर भी इस बार ध्यान रखा गया है। अगर बूथ पर तैनात कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ती है तो उन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया जाएगा। प्रशासन की तरफ से पोलिंग पार्टियों को बूथों पर रवाना होने से पहले फर्स्ट एड किट दी गई है।
मेडिकल किट में इमरजेंसी के लिए दवाइयां और चोट के उपचार को लेकर भी मरहम पट्टी दी गई है। किट में बुखार के लिए पीसीएम की 10 गोलियां, उल्टी व दस्त के लिए ओआरएस के तीन पैकेट, गैस व तेजाब के लिए रैनिटिडीन की 10 गोलियां, एलर्जी के लिए लिवोसिट्राजिन की 10 गोलियां, दर्द के लिए डिक्लोफेंस की 10 गोलियां, पट्टी के लिए कॉटन, चोट पर लगाने के लिए बैंडेज, चोट पर दवाई लगाने के लिए दवाई दी गई है।
बची हुई दवा करवानी होगी जमा
पोलिंग पार्टियों को जो फर्स्ट एड किट दी गई है उसमें ये निर्देश भी दिए गए है कि बचा हुआ सामान सेंट्रल ड्रग स्टोर सिविल सर्जन कार्यालय में जमा करवाना होगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ही किट जारी करवाई गई है।
बेड किए जा चुके हैं रिजर्व
मतदान को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है। नागरिक अस्पताल व सीएचसी में बेड रिजर्व किए गए हैं। इसको लेकर सिविल सर्जन ने तीन दिन पहले बैठक लेकर नागरिक अस्पताल में 10 बेड और सीएचसी में 5-5 बेड रिजर्व करने के निर्देश दिए थे।