फतेहाबाद। गांव म्योंदकलां निवासी व्यक्ति का स्पेन में रह रहा दोस्त बनकर ठग ने साढ़े 6 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। मामले को लेकर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने लखविंद्र सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में लखविंद्र सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल 2024 को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह स्पेन से मुकेश बोल रहा है। स्पेन में उसका दोस्त मुकेश रहता है। कॉल करने वाले ने कहा कि वह खाते में 18 लाख 46 हजार रुपये भेज रहा है और यहां आने पर ले लेगा और इसकी दो पर्ची भेज दी। इसके थोड़ी देर बाद फिर फोन आया कि मेरे दोस्त की पत्नी बीमार हो गई है और जो गंभीर है।
उसे तीन लाख रुपये की जरूरत है इसलिए दोस्त की कॉल आएगी और उसे दे देना। थोड़ी बार उसके पास कॉल आई और उसने केनरा बैंक का खाता नंबर दिया। विश्वास में आकर उसने तीन लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद फिर फोन आया कि ऑपरेशन होना है इसलिए साढ़े तीन लाख रुपये भेज दो। उसने विश्वास में आकर साढ़े तीन लाख रुपये भेज दिए।
आरोप है कि फिर फोन आया कि उसकी पत्नी की मौत हो गई है और बचे हुई राशि भेज दो। शक होने पर जब उसने खुद का बैंक खाता चेक किया तो कोई राशि नहीं आई हुई थी। धोखाधड़ी से रुपये ठगने का पता लगा तो 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करवाई गई।