फतेहाबाद। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने फतेहाबाद जिला न्यायालय से सिविल जज की एक कोर्ट वापस ले ली है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने राज्य के सिविल जजों की नियुक्ति व तबादले के आदेश जारी किए हैं। इसके मुताबिक फतेहाबाद में कार्यरत सिविल जज निधि बैनीवाल की कोर्ट को वापस ले लिया गया है। सिविल जज निधि बैनीवाल का यहां से गुरुग्राम तबादला कर दिया गया है। हालांकि, जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी पिछले कई साल से यहां सिविल जज की अतिरिक्त कोर्ट की मांग कर रहे थे।
बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप बैनीवाल ने बताया कि एसोसिएशन पहले से एक सिविल जज की कोर्ट की मांग कर रही थी। मगर हाईकोर्ट की ओर से सिविल जज निधि बेनीवाल की अदालत वापस ले लिए जाने से दूसरी अदालतों पर कार्य का बोझ बढ़ेगा। याचिकाकर्ताओं व वकीलों को परेशानी होगी। हाईकोर्ट से जिला बार एसोसिएशन की ओर से न्यायिक परिसर में अदालतों की कमी को पूरा करने की मांग की जाएगी।