अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि केंद्र व प्रदेश सरकार के अभी तक के कार्यकाल में किसी भी नेता पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा है और सरकार पूर्ण पारदर्शिता की नीति पर कार्य कर रही है। कार्यकाल में सरकार ने बिजली की दरों में भारी कटौती करने जैसे दर्जनों कल्याणकारी निर्णयों को लागू किया है। वे शुक्रवार को बीघड़ रोड स्थित सामुदायिक केंद्र में जिला कार्य समिति तथा विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर रहे थे।
राज्य मंत्री बेदी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि अभी तक सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से आह्वान किया कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा आगामी 2 अक्तूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लें और प्रशासन व विभिन्न संगठनों को अपना हरसंभव सहयोग दे।
इसके अतिरिक्त चुनाव कार्यालय द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार पार्टी की तरफ से प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस दौरान फर्जी वोट बनाए जाने की शिकायतें भी मिलती है, इसलिए इस प्रकार की घटनाओं की निगरानी की जाए। राज्य मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के दृष्टिगत बूथ स्तरीय नीति का अनुसार करने को भी कहा। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सचिव व फतेहाबाद प्रभारी जवाहर सैनी ने पार्टी के पिछले दिनों के दौरान चलाए गए विभिन्न कार्यक्रमों की सूक्ष्मता से समीक्षा की और इन कार्यक्रमों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक विचार विमर्श किया। उन्होंने आगामी सभी कार्यक्रमों की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी। इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने राज्य मंत्री कृष्ण बेदी व प्रदेश सचिव जवाहर सैनी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिला फतेहाबाद का पार्टी संगठन आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है और पार्टी जीत के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त है। बैठक में भाजपा प्रदेश सचिव जवाहर सैनी, जिलाध्यक्ष वेद फुलां, चैयरपर्सन सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी सहित सभी वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।