अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना (फतेहाबाद)।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की। टीम ने जांच रिपोर्ट सिविल सर्जन फतेहाबाद के पास भेज दी गई। विभाग की टीम ने एसएमओ डॉ. हरविंद्र सागु के नेतृत्व में कार्रवाई की। टीम ने सेंटरों की जांच के बाद भ्रूण लिंग जांच न करने की चेतावनी दी तथा कहा कि जो भी सेंटर संचालक नियमों की अनदेखी करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मानव सेवा संगम अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन को ऑपरेटर न होने पर सील कर दिया गया।
एसएमओ डॉ. हरविंद्र सागु ने बताया कि सिविल सर्जन फतेहाबाद के आदेशानुसार क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की गई। इसमें मोहित सीटी स्कैन, शालिनी अस्पताल, कक्कड़ अस्पताल, प्रकाश मिशन, सिटी अस्पताल की जांच की गई। इस दौरान गर्भवती महिला के अल्ट्रासाउंड से पहले भरे जाने वाले फार्म-एफ की जांच की गई। डॉ. सागु ने बताया कि इस बात की भी जांच की गई कि जो मशीन जिस ऑपरेटर के नाम है वही मशीन प्रयोग में लाई जा रही है या नहीं। उन्होंने कहा कि कुछ सेंटरों पर चेतावनी दी गई कि किसी का भी अल्ट्रासाउंड करने से पहले उसकी आईडी प्रूफ और फोन नंबर जरूर लें ताकि मरीज से फोन कर बात की जा सकेगी कि अल्ट्रासाउंड क्यों कराया था और गर्भवती महिला ने लड़का या लड़की को जन्म दिया। संगम अस्पताल में ऑपरेटर न होने पर मशीन सील कर दी गई। चिकित्सकों को चेतावनी दी कि गई कि नियमों के साथ कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापे, मानव सेवा संगम की मशीन सील
टीम ने सिविल सर्जन को भेजी जांच रिपोर्ट