कोरोना की दूसरी लहर में मंगलवार को राहत भरी खबर आई है। 52 दिन बाद जिले में एक दिन में नए मरीजों का आंकड़ा 100 से कम रहा है। मंगलवार को 77 नए केस मिले हैं और दो संक्रमितों की मौत हुई है। इसके अलावा 312 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। इससे पहले 12 अप्रैल को एक दिन में 10 नए मरीज मिले थे। जिले में रिकवरी रेट 86.26 फीसदी तक पहुंच गई है। इसके अलावा मंगलवार को संक्रमण दर 7.03 फीसदी रही। जिले में अब 1864 संक्रमित सक्रिय हैं। इसमें 1425 संक्रमित होम आइसोलेट तथा 90 मरीज अस्पताल में दाखिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद के गांव जमालपुर शेखां निवासी 78 वर्षीय महिला की फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल तथा गांव पालसर निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग की रतिया के निजी अस्पताल में मौत हुई है। जिले में अब तक 382 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वहीं मंगलवार को आई रिपोर्ट में फतेहाबाद क्षेत्र में 24, टोहाना में शून्य, रतिया में 36, भट्टू में 4, बड़ोपल में एक, भूना में 9 तथा जाखल में 3 नए संक्रमित मिले हैं। जिले में अभी तक 16339 कुल मरीज मिल चुके हैं, इसमें 14094 स्वस्थ हो गए हैं।
कोरोना की दूसरी लहर में चार गुना संक्रमित हुए
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर पहली के मुकाबले खतरनाक रही है। जिले में 2020 में 4664 केस मिले थे। जबकि अप्रैल माह में 4248 मरीज मिले। इसके अलावा मई माह के 25 दिनों में 7001 संक्रमित मिल चुके हैं।
संक्रमितों की मौत का आंकड़ा तेजी से बढ़ा
अब तक कुल मौतें : 382
2020 में मौतें : 116
जनवरी से मार्च में मौतें : 4
अप्रैल 2021 में मौतें : 85
मई 2021 में मौतें : 175
कोट
जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर कुछ राहत है। नए केसों में कमी आ रही है। लेकिन अभी हमें लापरवाही नही बरतनी है। कोरोना के अगर लक्षण आ रहे हैं तो जांच जरूर करवाएं। इसके अलावा 18 से ऊपर के लोग वैक्सीन की पहली डोज जल्द लगवाएं
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी।