अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। मनोहर मेमोरियल पीजी कॉलेज नई गवर्निंग बॉडी की पहली बैठक प्रधान राजीव बत्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वप्रथम दो मिनट का मौन रखकर पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। बैठक का संचालन कॉलेज प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने किया और नई गवर्निंग बॉडी की पहली बैठक में पहुंचे पदाधिकारियों का स्वागत किया।
बैठक में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय से कुलपति प्रतिनिधि के तौर पर आरती गौड़ ने भाग लिया। बैठक की शुरुआत में प्राचार्य द्वारा 6 एजेंडे रखे गए जिनमें पिछली बैठक की कार्रवाई, डॉ. विजय गोयल, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. वनिता वशिष्ठ, डॉ. रोबिन आनंद, डॉ. सुरेन्द्र पाल के प्रमोशन केस, क्लर्क राजेंद्र सिंह के निधन के बाद खाली पड़े पद को भरना आदि शामिल रहे, जिसे सदस्यों द्वारा मंजूरी दी गई। इसके बाद पिछले परीक्षा परिणाम की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान गवर्निंग बॉडी के सदस्य गुलबहार सिंह एडवोकेट ने कॉलेज में लॉ कॉलेज शुरू किए जाने का प्रस्ताव रखा जिस पर प्राचार्य ने इस दिशा में शीघ्र कदम उठाकर आगामी कार्रवाई करने की बात कही। इसके अलावा बैठक में डॉ. रोहित बत्रा ने कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान देने के लिए अपनी माता के नाम पर स्कॉलरशिप शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा जिसे सदस्यों ने मंजूर कर लिया। बैठक के बाद सदस्यों ने कॉलेज के दीवान चंद बत्रा ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया और इसके अधूरे पड़े कार्य को शीघ्र पूरा करने का फैसला लिया गया। कॉलेज प्राचार्य डा. गुरचरण दास ने पिछले बैठक की कार्रवाई पर प्रकाश डाला और कॉलेज की अब तक की उपलब्धियों बारे बताया। प्रधान राजीव बत्रा ने कॉलेज में विद्यार्थियों को हरसंभव सुविधाएं दिए जाने का आश्वासन दिया। बैठक में कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान राजीव बत्रा, उपप्रधान अशोक तनेजा, महासचिव विनोद मेहता एडवोकेट, कोषाध्यक्ष कैलाश बत्रा, चेयरमैन आत्मप्रकाश बत्रा, डॉ. आत्मप्रकाश मेहता, गुलबहार सिंह एडवोकेट, हिमांशु गेरा, राजन महतानी, रमेश कुमार सचदेवा, शरद बत्रा, सुनील सचदेवा, डॉ. रोहित बत्रा, सुदर्शन कुमार बत्रा, संजीव बत्रा, सुनील चौधरी, सुरेंद्र कुमार मुखी, उषा दहिया आदि सदस्य मौजूद रहे।