अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। शहीद चौक पर एसएमसी मिल्क चिलिंग सेंटर से अमोनिया गैस लीक होने के मामले में प्रशासन ने चिलिंग सेंटर को सील कर दिया है। पुलिस ने वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि की शिकायत पर सेंटर मालिक के खिलाफ लापरवाही बरतकर लोगों की जान जोखिम में डालने का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर-11 के पार्षद प्रतिनिधि जगमेल सिंह ने बताया कि शनिवार को जब वह करीब 8 बजे घर था तो उसे सांस लेने में परेशानी हुई तथा वातावरण में दुर्गंध आ रही थी। जब वह डाक्टर सेठी के अस्पताल के गली से गुजर रहा था तो उसके वार्ड की बस्ती में एसएमएस मधुसूदन मिल्क चिलिंग सेंटर के नजदीक यह दुर्गंध तेज हो गई। जिससे उसकी आंखों पर भी बुरा असर पड़ना शुरू हो गया। उसने कहा कि उसके चलते घुटन व आंखों में जलन महसूस हुई तथा वार्ड के काफी लोगों ने उसके पास आकर यह समस्या बताई। जब उसने चिलिंग सेंटर में आकर देखा तो पाया कि वहां से अमोनिया गैस लीकेज होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। जिसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। उसने बताया कि इसके चलते आम जनजीवन काफी परेशान हुआ है। जिसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चिलिंग सेंटर के मालिक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। वहीं सेंटर को ताला लगाकर उसे सील कर दिया गया है। जब तक पुलिस की जांच पूरी नहीं होगी, तब तक यह सेंटर बंद रहेगा। जांच अधिकारी एसआई रमेश कुमार ने बताया पार्षद प्रतिनिधि जगमेल की शिकायत पर सेंटर के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के आदेश पर वहां ताला लगाया गया है तथा आदेश दिए गए हैं कि जांच के बाद ही इस फैक्ट्री में कोई कार्य नहीं किया जाएगा। एसडीएम सरजीत नैन ने कहा कि जिला उपायुक्त के नेतृत्व में कमेटियों के गठन को लेकर सोमवार को फतेहाबाद में बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कमेटी बनने के बाद वो कमेटी जांच करेगी तथा उसके कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।