फतेहाबाद। पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के भतीजे और पूर्व विधायक दुड़ाराम के भाई उग्रसेन की कार पर हमला, मारपीट, लूटपाट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में 5 और आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अभी तक 8 आरोपी गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयोग किए डंडे बरामद किए हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस ने अभी तक आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की है। थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सुशील कुमार निवासी शेखुपुर दडौली ने थाना सदर फतेहाबाद में इस बारे में शिकायत दी थी।
सुशील के अनुसार 4 अगस्त की रात को उस पर हमला किया गया था। हमलावरों ने उनकी कार के शीशे तोड़ मारपीट की थी। उसके बाद गाड़ी की चाबी और गले की सोने की चेन छीन ली तथा जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। पुलिस ने मामले में 6 अगस्त को 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।