भूना। हरियाणा के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से फील्ड सर्वेयर पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 29 दिसंबर तक हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है, जिससे युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
काउंसिल ऑफ एजुकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट के चेयरमैन हेमंत बैजलपुरिया ने बताया कि इस भर्ती के तहत कुल 49 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। नियुक्तियां प्रदेश के सात जिलों में की जाएंगी। जिलेवार पदों का वितरण किया गया है। सिरसा और फतेहाबाद जिले में 8-8 पद, जींद, कैथल, हिसार और चरखी दादरी में 7-7 पद तथा भिवानी जिले में 5 पद निर्धारित किए गए हैं। यह भर्ती पूरी तरह से एचकेआरएन के माध्यम से की जाएगी जिससे युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत रोजगार का अवसर मिलेगा।
12 हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा चयनितों को :
फील्ड सर्वेयर पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रखी गई है। खास बात यह है कि इन पदों के लिए किसी भी प्रकार का पूर्व अनुभव अनिवार्य नहीं है जिससे नए और बेरोजगार युवाओं को भी बराबर का मौका मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को 12,000 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा।