फतेहाबाद। विद्यार्थियों का शिक्षा स्तर जांचने के लिए एनसीआरटीई आज राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे करवाने जा रहा है। इस सर्वे में जिले के 139 स्कूलों के 4205 विद्यार्थी शामिल होंगे और परीक्षा देंगे। इस सर्वे में 62 निजी स्कूलों के विद्यार्थी भी शामिल हो रहे हैं।
इसको लेकर शिक्षा विभाग वीरवार को तैयारियों में जुटा रहा। परीक्षा 90 से 120 मिनट की होगी। कक्षा तीसरी और पांचवीं के विद्यार्थियों को चार-चार विषयों तथा आठवीं और दसवीं के विद्यार्थियों को दो-दो विषयों की परीक्षा देनी होगी। अहम बात यह है कि आठवीं और दसवीं के विद्यार्थियों के पास रैंडम स्तर पर कोई भी दो विषय के प्रश्न पत्र आ सकते हैं।
इन स्कूलों के विद्यार्थियों को सर्वे में किया गया शामिल
कुल स्कूल : 139
निजी स्कूल : 62
सरकारी स्कूल : 75
जवाहर नवोदय विद्यालय : 1
केंद्रीय विद्यालय : 1
ये रहेगा परीक्षा को लेकर विषयों का शेड्यूल
कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों की हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और इंग्लिश विषय की परीक्षा ली जाएगी और 120 मिनट मिलेंगे। कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों की हिंदी, गणित, ईवीएस विषय की परीक्षा ली जाएगी और 90 मिनट दिए जाएंगे। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों की हिंदी, गणित, ईवीएस विषय की परीक्षा ली जाएगी और 90 मिनट का समय दिया जाएगा। कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों की हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान विषय की परीक्षा ली जाएगी और 120 मिनट का समय मिलेगा।
कोट
राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे को लेकर परीक्षा ली जा रही है। इसको लेकर तैयारियां कर ली गई है। इस परीक्षा से विद्यार्थियों के शिक्षा का स्तर पता चलेगा।
- अनुराग धारीवाल, जिला सक्षम नोडल अधिकारी