अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। मजदूरों, कामगारों की समस्याओं को लेकर भवन निर्माण कामगार यूनियन और अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. सुभीता ढाका के बीच बैठक हुई। बैठक में श्रम अधिकारी और यूनियन की ओर से जिला सचिव मुकेश डूल्ट, प्रधान ओमप्रकाश अनेजा, जंगीर सिंह, सेवा सिंह, सोहन लाल व सुखविन्द्र सिंह मौजूद रहे। बैठक में यूनियन ने वर्करों के पंजीकरण की समस्या को उठाया जिस पर एडीसी ने कहा कि जिन वर्करों का पंजीकरण नहीं हुआ है, इसको लेकर आचार संहिता खत्म होने के बाद जल्द कैंप लगाए जाएंगे और ज्यादा से ज्यादा कंप्यूटर आपरेटरों की ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि मजदूरों को किसी प्रकार का परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा यूनियन ने जिन वर्करों का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन हुआ है, उनका जल्द से जल्द डाटा उपलब्ध करवाने और सीएचसी सैंटर पर फीस सीमित करने की मांग की। इसके अलावा फतेहाबाद अंत्योदय केंद्र पर प्रतिदिन श्रम विभाग की ओर से एक अधिकारी की नियुक्ति करने की भी मांग रखी। यूनियन ने कहा कि जिन मजदूरों ने कन्यादान के लिए फार्म जमा करवाए थे लेकिन शादी को एक-एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद अभी तक उनको कन्यादान सहायता नहीं मिली है। इस पर अधिकारी ने उन्हें जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में लेबर शेड के बारे में भी चर्चा हुई और प्रशासन द्वारा जगह मुहैया करवाए जाने की मांग रखी। यूनियन नेताओं ने कहा कि जब से सरकार ने आनलाइन प्रक्रिया शुरू की है, तब से मजदूरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने बिना तैयारी किए 26 दिसंबर 2018 से सभी फार्मो को ऑनलाइन का ऐलान कर दिया जो मजदूरों के गले की फांस बना हुआ है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से इस समस्या का समाधान किए जाने की मांग की।