टोहाना। टोहाना सीआईए टीम द्वारा लाखों रुपये कीमत की पकड़ी गई 410 ग्राम हेरोइन के मामले में रिमांड पर चल रहे तीन आरोपियों ने मुख्य सप्लायर के बारे में खुलासा किया है। आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली में एक नाइजीरियन से हेरोइन लेकर आए थे और पंजाब में सप्लाई करनी थी। पुलिस नाइजीरियन के बारे में पूछताछ करके अब उसकी गिरफ्तारी की कोशिश में लगी है।
पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपियों ने कबूला है कि उन्होंने बरामद हेरोइन को दिल्ली में हब्शी नाम के एक नाइजीरियन से खरीदा था। आरोपियों ने कबूला है कि उन्होंने 410 ग्राम हेरोइन को कुल पांच लाख रुपये में खरीदा था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ये भी बताया है कि पंजाब में हो रहे चुनावों का फायदा उठाने के लिए इस हेरोइन को खरीद कर लाए थे ताकि उनका माल जल्दी व अच्छी कीमत पर बिक जाए। इसके अलावा मामले में गिरफ्तार कुलदीप उर्फ किपा ने जल्द पैसे कमाने के चक्कर में इस तरह के काम करने का आइडिया देकर अपने साथ बाकी आरोपियों को शामिल किया। गौरतलब है कि टोहाना सीआईए टीम ने गत सात फरवरी को एक गश्त के दौरान एक कार से 410 ग्राम हेरोइन व एक लाख रुपये बरामद किए थे। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई थी। कार से पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव शक्करपुर निवासी कुलदीप उर्फ किपा, कानाखेड़ा निवासी राजोबाई उर्फ राजकौर व राजदीप सिंह उर्फ सोनू व गांव लल्लूवाल निवासी रिंकू राम के रूप में हुई है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सदर टोहाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है। आठ फरवरी को तीन आरोपियों अदालत में पेश किया गया था जहां अदालत ने तीन आरोपियों को दो दिन के रिमांड पुलिस को सौंप दिया था। रिमांड के दौरान ही आरोपियों ने पुलिस के सामने यह बात कबूली है।
कोट
हेरोइन तस्करी के आरोप में सीआईए स्टाफ द्वारा गिरफ्तार कार सवार आरोपियों ने रिमांड के दौरान बताया कि वे 410 ग्राम हेरोइन को दिल्ली में हब्शी नाम के नाइजीरियन से खरीद कर लाए थे। मामले में आरोपियों ने बताया कि पांच लाख रुपये में खरीदा और इसे पंजाब में बेचने जा रहे थे।
सुरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी, सदर थाना, टोहाना।