फतेहाबाद। जिले में शिक्षा विभाग ने मिशन बुनियाद योजना के तहत विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया शुरू करते हुए शुक्रवार को पहले चरण की परीक्षा आयोजित की। यह परीक्षा जिले के 10 केंद्रों पर हुई, जिसमें पंजीकृत 3897 विद्यार्थियों में से 3230 उपस्थित रहे, जबकि 667 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा दोपहर साढ़े 12 बजे आरंभ हुई और ढाई बजे समाप्त हुई। केंद्रों पर प्रवेश से पहले एडमिट कार्ड की जांच की गई। इससे व्यवस्था सुचारू बनी रही। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खंड स्तर पर परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रत्येक केंद्र को पांच हजार रुपये का बजट भी दिया गया था, ताकि मूलभूत व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे।
परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई और जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश मेहता विभिन्न केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने परीक्षा संचालन पर संतोष जताया और केंद्र प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मिशन बुनियाद योजना के अंतर्गत सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से आवेदन मांगे गए थे। जिले से कुल 3887 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें फतेहाबाद खंड 1230 पंजीकरण के साथ सबसे आगे रहा। जाखल खंड से सबसे कम 214 विद्यार्थियों ने आवेदन किया। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस योजना से विद्यार्थियों की शैक्षणिक नींव मजबूत होगी और आगे की पढ़ाई में लाभ मिलेगा।
-
जिले में स्थापित हैं पांच बुनियाद केंद्र
मिशन बुनियाद के तहत जिले में कुल पांच केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भट्टूकलां, राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना, राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद और राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूना शामिल हैं। इन केंद्रों पर चयनित विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षक मार्गदर्शन के साथ विशेष अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाते हैं।
मिशन बुनियाद 2026-28 का शेड्यूल
लेवल-1 परिणाम : 20 जनवरी 2026
लेवल-2 परीक्षा : 30 जनवरी 2026
लेवल-3 एवं ओरिएंटेशन : 3 अप्रैल 2026
कक्षाएं शुरू : 15 मई 2026
प्रथम स्तर की परीक्षा की ये रही स्थिति
केंद्र परीक्षा देने पहुंचे अनुपस्थित
भट्टूकलां राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भट्टूकलां 339 60
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूना 532 93
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोड़िया खेडा 296 79
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल फतेहाबाद 313 118
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद 365 65
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखल मंडी 189 24
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल रतिया 300 53
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया 342 59
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल जमालपुर शेखां 286 49
टोहाना राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल टोहाना 268 67
-
पहले चरण में पास हुए तो देंगे दूसरे चरण की परीक्षा
मिशन बुनियाद के तहत विद्यार्थियों को कक्षा नौंवी और दसवीं में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। जिले में इसको लेकर पांच केंद्र बने हैं। अगर अभ्यर्थी पहले चरण की परीक्षा में पास होते हैं तब ही दूसरे चरण की परीक्षा दे पाएंगे।
-
मिशन बुनियाद के तहत पहले चरण की परीक्षा ली गई है। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई है। सरकार की मिशन बुनियाद और सुपर-100 योजना मेधावी विद्यार्थियों के लिए बहुत अच्छी योजना है।
-संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी