अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। फतेहाबाद में रविवार को होने वाले दलित सम्मेलन को लेकर शनिवार को पूर्व विधायक जरनैल सिंह ने विभिन्न गांवों के अलावा शहर के अनेक वार्डों का दौरा किया और उपरोक्त सम्मेलन को लेकर न्यौता दिया। जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि कल होने वाला दलित सम्मेलन ऐतिहासिक होगा और इसमें रतिया क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति उल्लेखनीय होगी। उन्होंने कहा कि उपरोक्त सम्मेलन को लेकर वह पिछले 10 दिनों से रतिया विधानसभा क्षेत्र के गांवों में दौरा कर रहे हैं और इस दौरे के दौरान ग्रामीणों द्वारा भव्य सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग मौजूदा भाजपा सरकार से तंग आ चुका है और इस सरकार को चलता करने के लिए पूरी तरह लालायित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश व प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के लिए अनेक लाभकारी योजनाएं चलाई, लेकिन इस सरकार ने सत्ता में आने के पश्चात न केवल सभी योजनाओं को बंद कर दिया, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को लाइनों में खड़ा कर दिया। उन्होंने बताया कि देश के मजदूर वर्गों के लिए अहम मनरेगा योजना चलाई गई थी, जिसको लेकर प्रत्येक मजदूर काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था, लेकिन इस सरकार ने उपरोक्त योजना को बंद करके मजदूरों के मुंह से निवाला छीनने का काम किया, जिसको लेकर मजदूर वर्ग में काफी आक्रोश है।
मजदूरों के साथ-साथ व्यापारी, कर्मचारी व अन्य वर्ग भी सरकार से तंग आ चुका है और कांग्रेस को विकल्प मान रहा है। उन्होंने शहरी क्षेत्र के लोगों से भी उपरोक्त सम्मेलन में पहुंचने का आह्वान किया। इस अवसर पर उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेर सिंह, दर्शन गिल, नछत्तर सिंह, मा. रौनक राम, पूर्व सरपंच साहब राम, राम चंद तनेजा, बलविन्द्र खोखर, ओमप्रकाश अलीका, पवनदीप सिंह पप्पी व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।