फतेहाबाद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार के निर्देश के बाद जिले भर में अवैध कनेक्शनों पर जनस्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी है। सोमवार को जनस्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शहर में पीने के पानी की चोरी एवं व्यावसायिक दुरुपयोग पर कार्रवाई करते हुए 31 कनेक्शन काटे हैं। इस दौरान सर्विस स्टेशनों के 13 अवैध कनेक्शनों को काट दिया गया।
कनेक्शन काटने के अभियान का नेतृत्व एसडीओ सतपाल रोज और जिला सलाहकार शर्माचंद लाली ने किया। लाली ने बताया कि फतेहाबाद शहर में रतिया रोड स्थित श्रीराम कार वॉश, इसी रोड पर बने बालाजी कार वॉश, दा डिस्ट्रिक्ट डिटेलिंग एंड कार वॉश, हांसपुर रोड स्थित व्यास मोटर एवं कार वॉश, सिरसा रोड स्थित इंडियन कार वॉश, रतिया मोड़ स्थित इंदौरा कार वॉश, सिरसा रोड स्थित ऑटो ड्राइव कार एवं पेंट प्रोटेक्शन फिल्म के कनेक्शन काटे गए।
इसके अलावा दो जगहों पर पीने के पानी से सब्जियां उगाई जा रही थी, जिनके कनेक्शन काटे गए है। सात इंटरलोकिंग फैक्टरी के कनेक्शन काटे गए है, जहां पर पीने के पानी का इस्तेमाल हो रहा था।
विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई सर्विस स्टेशन घरेलू पेयजल आपूर्ति के कनेक्शनों का व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं। इसके चलते शहर के कई मोहल्लों में पानी का दबाव कम हो रहा था और आम नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी नहीं मिल पा रहा था।
-सतपाल रोज, एसडीओ
गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो गई थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सीएम फ्लाइंग द्वारा शिकायतों की जांच के बाद डिपार्टमेंट को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद टीम ने फतेहाबाद शहर एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित सर्विस स्टेशनों का निरीक्षण किया और काटे गए है।
-शर्मा चंद लाली, जिला सलाहकार