फतेहाबाद जिले में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन 10 से अधिक कोरोना मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं। फतेहाबाद जिले में कुल 16 नए केस सामने आए हैं जिसमें सर्वाधिक 11 केस रतिया, एक केस टोहाना का और फतेहाबाद के चार नए केस शामिल हैं। इसी के साथ अब फतेहाबाद जिले में कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा तीन सौ के पार पहुंच गया है। फतेहाबाद जिले में अब कुल 309 केस सामने आ चुके हैं जिसमें 180 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं और दो लोग दम तोड़ चुके हैं।
रतिया में एक ही परिवार के आठ लोग और बैंककर्मी मिला संक्रमित, बैंक पांच दिन के लिए बंद
रतिया शहर में मंगलवार को एक ही परिवार के आठ सदस्यों सहित 10 लोग कोरोना संक्रमित पाया गया है। इनमें एचडीएफसी बैंक का एक कर्मचारी भी शामिल है। ऐतिहात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने बैंक को पूरी तरह सैनिटाइज करते हुए पांच दिन के लिए बैंक की रतिया शाखा को बंद करवा दिया है। इसके अलावा इस बैंक की शाखा में कार्यरत 23 कर्मचारियों को भी स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के इंचार्ज डॉ भरत सहारण व हेल्थ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि रतिया में गत दिवस वार्ड नंबर 11 में एक परिवार के चार सदस्यों की रिपोर्ट कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जिसके बाद उनके परिवार के अन्य सदस्यों व संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। मंगलवार को आई रिपोर्ट के अनुसार परिवार के 8 और सदस्य भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। रिपोर्ट आने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों को भी होम क्वारंटीन कर दिया है और इनके संपर्क में आने वाले लोगों की सूची भी तैयार की जा रही है। इसी तरह वार्ड नंबर 11 में ही एक अन्य युवक की गत दिनों रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जिसके बाद अब उसके चार साल के भतीजे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है ।
टोहाना की जवाहर गली निवासी युवती मिली कोरोना संक्रमित, घर में किया आइसोलेट
टोहाना शहर के जवाहर गली की रहने वाली युवती की कोरोना रिपोर्ट रैपिड टेस्ट में पॉजिटिव आई है जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे घर में आइसोलेट कर दिया है। विभाग की टीम ने कंटेनमेंट जोन व बफरजोन बनाकर सर्वे शुरू कर दिया है।
जानकारी अनुसार स्वास्थ्य विभाग के पास सूचना आई थी कि जवाहर गली की रहने वाली युवती चंडीगढ़ में जॉब करती है। उक्त युवती अस्पताल में जाकर रैपिड टेस्ट करवाने के लिए गई जिसके बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार युवती के संपर्क में परिवार के 4 सदस्य है जिनकी सैंपलिंग की जाएगी। इस बारे में एसएमओ डॉ. हरविंद्र सागु व नोडल अधिकारी डा कुणाल वर्मा ने पुष्टि की है।
भट्टू क्षेत्र के गांव रामसरा को कंटेनमेंट व बफर जोन मुक्त
उपायुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट अनुसार निर्धारित अवधि में कोई कोरोना के फैलाव प्रभाव संबंधी मामला सामने नहीं आने पर भट्टू क्षेत्र के गांव रामसरा को कंटेनमेंट जोन से मुक्त किया गया है तथा साथ लगते क्षेत्र को भी बफर जोन मुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि भट्टू क्षेत्र के आठ गांव रामसरा में पॉजिटिव मामले सामने आने पर प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया था, स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन अनुसार निर्धारित अवधि पूरी होने पवर प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन मुक्त घोषित कर दिया है। इस क्षेत्र के कंटेनमेंट मुक्त होने के साथ ही प्रभावित क्षेत्रों के साथ लगते क्षेत्र को भी बफर जोन मुक्त कर दिया है।