फोटो कैप्शन :- पुलिस की गिरफ्त में आरोपी व जानकरी देती एएसपी दिव्यांशी सिंगला
जाखल। कुदनी हेड के पास भैंस व्यापारी से 1.90 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों पंजाब के संगरूर जिले के थाना लहरागागा क्षेत्र के गांव लहल कलां निवासी रविंद्र सिंह उर्फ रवि उर्फ जुक्ता, यादविंद्र और सुखविंद्र सिंह उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि टोहाना के रामनगर निवासी भैंस व्यापारी किशोरी लाल ने शिकायत दी थी कि 28 जुलाई को गांव चांदपुरा से बाइक पर टोहाना लौट रहा था। जब वह कुदनी हेड के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों में से एक ने तेजधार हथियार उसकी गर्दन पर रख दिया और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी उसके पास से 1.90 लाख रुपये लूटकर भाग गए। एएसपी ने बताया कि रविंद्र सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, लूट, मारपीट सहित अन्य धाराओं में चार मामले दर्ज हैं। वहीं सुखविंद्र सिंह उर्फ भूरा के खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं।