टोहाना। सपनों को साकार करने के लिए मेहनत के साथ अनुशासन और सकारात्मक सोच जरूरी है। इसी संदेश के साथ अमर उजाला की ओर से आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान समारोह 2026 में 200 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएसपी जयभगवान ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने और जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी।
शहर के रेलवे रोड स्थित भाटिया धर्मशाला में आयोजित समारोह में डीएसपी जयभगवान ने कहा कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। यदि विद्यार्थी पूरी लगन, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धा भरे दौर में चुनौतियां अधिक हैं लेकिन आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी हर मुश्किल को पार कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और देशहित में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को अपने परिवार के बुजुर्गों के साथ समय बिताना चाहिए ताकि उनके अनुभवों और जीवन सीख का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। इस अवसर पर पारूल अस्पताल के डॉ. पारूल गोयल, डॉ. मनीष बंसल, सर्जन राहुल कुमार, डॉ. दीपांश भाटिया, डॉ. अजय गर्ग और मनोज बिश्नोई का सहयोग रहा। समारोह में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
-
खुशी से झूमे सम्मानित विद्यार्थी
समारोह में ब्लॉकभर के 10वीं और 12वीं में टॉप करने वाले तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। मंच पर सम्मान मिलते ही कई छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। वहीं अभिभावकों ने कहा कि बच्चों की इन उपलब्धि पर हमें गर्व है। शिक्षकों ने भी कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उन्हें सही दिशा देना हमारी जिम्मेदारी है। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्कूल प्राचार्य और समाजसेवी मौजूद रहे।
माॅडल केएम स्कूल की जाहनवी ने कहा कि सफलता का श्रेय गुरुओं को है। बिना उनके मार्गदर्शन के यह संभव नहीं था।
-
ऋग्वेदा स्कूल की छात्रा जानवी ने कहा कि लक्ष्य तय करके मेहनत करो, नतीजा अपने आप अच्छा आएगा।
-
इन स्कूलों के विद्यार्थी हुए सम्मानित
समारोह में सेंट जोसेफ इंटरनेशनल स्कूल, ग्रीन वैली स्कूल, ऋग्वेदा इंटरनेशनल स्कूल, मॉडल केएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महाराजा अग्रसेन स्कूल, एसवीएम स्कूल, एसएस स्कूल टोहाना, राजकीय स्कूल गाजूवाला, राजकीय स्कूल अमानी, राजकीय स्कूल लालौदा सहित क्षेत्र कई स्कूलों के मेधावियों को सम्मानित किया गया। 10वीं और 12वीं में टॉपर रहने वाले छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
-
डीएसपी ने दिया सफलता का मंत्र
कार्यक्रम के अंत में डीएसपी जयभगवान ने छात्रों को तीन मंत्र दिए- 1. समय की पाबंदी, 2. मोबाइल का सीमित उपयोग, 3. रोज 2 घंटे सेल्फ स्टडी। उन्होंने कहा कि टोहाना के बच्चे किसी से कम नहीं हैं। अगर इरादे मजबूत हों तो आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर बनने से कोई रोक नहीं सकता। अमर उजाला के इस प्रयास की शहर भर में सराहना हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि ऐसे आयोजन से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिलती है।
-