कोरोना टीकाकरण के बाद पात्र डॉक्टर को प्रमाण पत्र देतीं उप सिविल सर्जन।
- फोटो : Fatehabad
कोरोना टीकाकरण के लिए वीरवार को जिले में 12 स्वास्थ्य केंद्रों पर सेशन लगाए गए। टीकाकरण के लिए 589 पात्र स्वास्थ्यकर्मियों को बुलाया गया लेकिन इसमें से 294 पात्र कर्मचारी टीका लगवाने के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय ने 11 सेशन लगाने के आदेश दिए थे लेकिन जिला स्वास्थ्य विभाग ने 12 अस्पतालों में टीकाकरण किया। टीका लगवाने के बाद पीएचसी नागपुर में दो पात्रों को हल्की दिक्कत हुई। अब तक जिले में जिले में 1588 पात्रों को कोरोना टीका लगाया जा चुका है। जिले में 4738 पात्र स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाना है लेकिन डोज 5820 पहुंचीं है।
अब टीकाकरण के बाद मिलेगा प्रमाण पत्र : कोरोना टीका लगवाने वाले पात्रों को स्वास्थ्यकर्मी अब प्रमाण पत्र देगा। ये प्रमाण पत्र पोर्टल से जारी होगा। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग ने टीका लगवाने वाले पात्रों को प्रमाण पत्र जारी किए।
अब मौके पर होगा कोरोना टीका पंजीकरण : अब टीका लगवाने के लिए पोर्टल पर पहले से ही पंजीकरण करवाने की जरूरत नहीं होगी। अब मौके पर ही पंजीकरण करवा सकेंगे। यानी कि अगर किसी पात्र ने पंजीकरण नहीं करवाया है तो वह करवा सकता है।
जिले में अब कोरोना संक्रमित सात मरीज सक्रिय : जिले में कोरोना संक्रमित सक्रिय मरीजों की संख्या अब सात रह गई है। वीरवार को जिले में एक नया मरीज मिला है इसके अलावा पांच मरीज ठीक हुए है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक भट्टू, बड़ोपल, रतिया व जाखल कोरोना मुक्त हो गए है। जिले में अब तक 4712 मरीज मिल चुके है इसमें से 4587 मरीज ठीक हो चुके है।
जिले में 12 अस्पतालों में कोरोना टीकाकरण किया गया। अब मौके पर ही पंजीकरण हो सकेगा। इसके अलावा पात्रों को प्रमाण पत्र भी दिया जा रहा है। टीका को लेकर कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं आए है। - डॉ. सुनीता सोखी, उप सिविल सर्जन।