फतेहाबाद। जिले के अलग-अलग डिपो से पानीपत के सेक्टर 13-17 में बीमा सखी योजना के शुभारंभ पर बसें भेजी जाएंगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच रहे हैं। इसके लिए सोमवार को फतेहाबाद डिपो से 25 बसें पानीपत में आयोजित कार्यक्रम में भेजी जाएंगी।
भाजपा कार्यकर्ता और आमजन को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए हरियाणा रोडवेज को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बसों की कमी के कारण सफर करने वाले ज्यादातर यात्री निजी बसों पर निर्भर रहेंगे। पहले भी कई बार बस की कमी रहने के कारण निजी बस संचालकों की ओर से निर्धारित किराये से ज्यादा किराया वसूलने की घटना हो चुकी है। वहीं लंबे रूट पर चलने वाली निजी बसें अधिक संख्या में यात्रियों को बैठाने के लिए छोटे-छोटे स्टैंड पर भी रुकते हुए जाती हैं। इस कारण गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को काफी समय लग जाता है।
ये रूट होंगे प्रभावित
सोमवार को फतेहाबाद से 25 बसें पानीपत जाने के कारण फतेहाबाद से दिल्ली, फतेहाबाद से गुरुग्राम, फतेहाबाद से चंडीगढ़, फतेहाबाद से रोहतक, फतेहाबाद से अंबाला, फतेहाबाद से हिसार व फतेहाबाद से सिरसा की ओर जाने वाले मार्ग पर बसों के रूट प्रभावित होंगे। वहीं कुछ ग्रामीण रूट भी प्रभावित होने की आंशका है। इस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
110 बसों में से 25 बसें जाएंगी पानीपत
फतेहाबाद डिपो के पास कुल 110 बसें संचालित है, जिसमें से 25 बसें सोमवार काे पानीपत में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जाएंगी। जिससे काफी रूट प्रभावित होंगे। जिले में पहले ही नियमों के अनुसार बसों की संख्या कम है। बसों को इन कार्यक्रम में भेजने से ओर भी दिक्कत आएगी।
यूनियन प्रधान बोले गलत है बसों को कार्यक्रम में भेजना
रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा महासंघ के जिला प्रधान राजू बिश्नोई ने कहा कि सरकार की ओर से जो बसें उपलब्ध करवाई गई है, वो आम जनता के लिए है। बसों को इन कार्यक्रमों में भेजने से आम जनता को परेशानी होती है। अगर सरकार को इन कार्यक्रमों में बसें भेजनी है तो उन्हें छुट्टी वाले दिन बसें भेजनी चाहिए, ताकि लोगों को दिक्कत न हो।
-
फतेहाबाद डिपो की ओर से 25 बसें पानीपत में आयोजित कार्यक्रम में भेजी जाएंगी। इसके लिए चालकों व परिचालकों की ड्यूटी लगा दी गई है।
- सुभाष ढांड, संस्थान प्रबंधक, रोडवेज फतेहाबाद।