पत्रकारो से बातचीत करते हुए केबीसी विजेता सरिता सिंगला।
टोहाना। टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में साढे 12 लाख रुपये जीतकर लौटी सरिता सिंगला का घर पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस उपलब्धि के चलते परिवार के लोग बेहद खुश नजर आए। सरिता ने इस उपलब्धि का श्रेय पीछे अपनी पोती भेंट अग्रवाल और परिवार के सहयोग को दिया है।
महिला सरिता ने बताया कि वह करीबन 24 साल से केबीसी के लिए प्रयास कर रहीं थी। उन्होंने कभी कैंसर को अपने पर हावी नहीं होने दिया। उन्होंने बताया कि रुपये जीतने से ज्यादा उनका केबीसी शो में जाकर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से मिलकर अपने सपने को पूरे होने को लेकर खुशी है।
सरिता ने 12 नवंबर को हुए कौन बनेगा करोड़पति के शो में 12वें राउंड तक पहुंचकर 12.50 लाख रुपये की राशि जीती है। 13वां राउंड 25 लाख रुपए के लिए था, लेकिन उन्होंने क्विट कर दिया। सरिता ने बताया कि वह 1996 से कैंसर की बीमारी से जूझ रही हैं, कुछ वर्ष इलाज करवाकर वह ठीक हुईं, लेकिन 2020 में फिर कैंसर वापस आ गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और अभी भी इससे जूझ रही हैं। उसने बताया कि केबीसी से उसे एक गोल्ड का सिक्का, एक पंखा, दो साल तक का देसी घी व अन्य गिफ्ट मिले है।
दस नवंबर को गई थी मुंबई- सरिता
सरिता ने बताया कि वह वर्ष 2000 में केबीसी के शुरू होने के समय से ही इस शो के लिए लगातार प्रयासरत रहीं थी। 1996 में कैंसर का पता लगने के बाद से मुंबई के टाटा कैंसर अस्पताल से उनका इलाज चल रहा है, वह हर साल दो-तीन बार इलाज के लिए वहां जाते रहे हैं। उसने बताया कि इलाज के लिए उनको मुंबई जाना था, उधर उन्होंने केबीसी के लिए जुलाई महीने में फोन लाइन खुलने पर ऑडिशन दिया तो वे सिलेक्ट हो गईं। वह अपने पति के साथ 10 नवंबर को मुंबई चली गईं। वहां 12 तारीख को शो का शूट हुआ। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह वर्ष 2014 में चंडीगढ़ में भी ऑडिशन दे चुकी हैं, इसके बाद 2022 में अमृतसर ऑडिशन में गईं, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार अब जाकर उनका सपना साकार हुआ। रुपये से ज्यादा बड़ी खुशी उनके सपने पूरे होने की है।