फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने परीक्षाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। वीरवार से कक्षा बारहवीं की और शुक्रवार से कक्षा दसवीं की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इसके चलते मंगलवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा सामग्री दी गई।
इससे पहले उन्हें परीक्षा संबंधित निर्देश दिए गए। जिले में परीक्षा को लेकर 64 केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर कक्षा दसवीं और बारहवीं के 22 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। जिसमें निजी और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा सामग्री बांटने से पहले खंड शिक्षा अधिकारी भट्टूकलां से बलवान सिंह, जाखल से बीईओ सुभाष चंद्र ने केंद्र अधीक्षकों की बैठक ली। बीईओ बलवान सिंह ने कहा कि एडमिट कार्ड जांचने के बाद ही एंट्री दी जाए। विद्यार्थी केंद्र में स्कूल ड्रेस में आने चाहिए।
-
प्रश्नपत्र और एडमिट कार्ड पर आएगा क्यूआर कोड
परीक्षा में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए एडमिट कार्ड पर क्यूआर कोड दिया गया है। इसके अलावा प्रश्न पत्र पर भी क्यूआर कोड दिया गया है। प्रश्न पत्र पर दिए गए क्यूआर कोड पर विद्यार्थी संबंधित जानकारी होगी।
-
ये विद्यार्थी देंगे परीक्षा
कक्षा विद्यार्थी
दसवीं 12892
बारहवीं 9257
-
फतेहाबाद डिविजन में होंगे सबसे ज्यादा केंद्र
जिले में 64 केंद्रों पर कक्षा दसवीं और बारहवीं विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को लेकर फतेहाबाद उपमंडल में 30, रतिया में 10 और टोहाना में 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में संवेदनशील केंद्रों में कोई भी केंद्र शामिल नहीं किया गया है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद को पहले संवेदनशील केंद्र की सूची में शामिल किया गया था लेकिन अब ये दाग मिट गया है।
-
बोर्ड की परीक्षा को लेकर जिले में 64 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने का प्रयास रहेगा। केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए गए है कि नकल रहित परीक्षाएं संपन्न करवाएं।
- संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।