बस में बुजुर्ग ने महिला पर दस हजार नकदी निकालने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
गांव लहरियां के एक बुजुर्ग की उकलाना से भूना आते समय बस में जेब को तराश करके दस हजार रुपये चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। बुजुर्ग को शक है कि उसके पास बैठी एक महिला ने ही जेब से पैसे निकाले हैं। बस जब भूना पहुंची तो बस स्टैंड पर बुजुर्ग ने अपनी जेब को संभाला तो नगदी गायब थी। जिसको लेकर बुजुर्ग ने अपनी सीट के पास बैठी महिला को पकड़ लिया और दस हजार देने के लिए चिल्लाने लगा।
इसको लेकर यात्रियों व आसपास के दुकानदारों ने महिला पर दबाव बनाया और बुर्जुग के पैसे लौटाने के लिए बार-बार महिला को समझाया। मगर उसने कहा कि बुजुर्ग की जेब से उसने कोई भी नगदी नहीं निकाली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और उपरोक्त महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पूछताछ में अन्य तीन महिलाओं के बारे में भी जानकारियां ली है। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम को पंजाब के पीलिया बंगा व बरवाला में भेजा गया है। हिरासत में ली गई महिला का नाम कृष्णा निवासी पीलिया बंगा के रूप में हुई है। बुजुर्ग लहरिया निवासी मनोहर लाल का आरोप है कि कृष्णा ने उसकी जेब से पैसे निकालकर अपनी सहयोगी अन्य तीन महिलाओं को दे दिए। जो पीछे ही बस से उतर गई थी। पुलिस अभी मामले की जांच-पड़ताल में लगी हुई है।
महिला ने इनकार किया है, जांच कर रहे हैं
थाना प्रभारी बिमला देवी ने इस संबंध में बताया कि मनोहर लाल की शिकायत पर कृष्णा पीलिया बंगा निवासी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। महिला ने नगदी निकालने के आरोपों का इंकार कर रही है। मगर फिर भी पुलिस पूछताछ कार्य में लगी हुई है।