20 नंबरदारों के सिर पर लटकी निलंबन की तलवार, आबियाना जमा ना करवाने पर नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद । फतेहाबाद जिले के विभिन्न गांवों में तैनात 20 नंबरदारों के सिर पर प्रशासन ने निलंबन की तलवार लटका दी है। दरअसल बार-बार कहे जाने के बावजूद इन नंबरदारों ने फसल आबियाना 2017 जमा नहीं करवाया और न ही संबंधित किसानों की सूची जमा करवाई है। ऐसे में जिला उपायुक्त ने इन सभी नंबरदारों को अब 15 फरवरी तक का अल्टीमेटम दे दिया है। अगर 15 फरवरी तक इन नंबरदारों द्वारा 2017 फसल का आबियाना जमा नहीं करवाया गया तो जिला प्रशासन द्वारा उनके निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
जिला उपायुक्त द्वारा भेजे गए नोटिस के बाद इन 20 नंबरदारों में हड़कंप की स्थिति है। इनमें रामेश्वर, उमेद सिंह, पालाराम, गणपत, श्रीराम, राजाराम, हनुमान सिंह, शंकर, उग्रसैन, दौलतराम, इंद्र सिंह, आत्माराम, हरबंस, रामप्रताप, कमल, गोबिंददास, भूषण, रामकुमार सहित अनेक नंबरदार शामिल हैं। पहले भी जिला प्रशासन द्वारा इन नंबरदारों को नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन इस बार भेजे गए नोटिस में 15 फरवरी तक अल्टीमेटम दिया गया है। इस बारे में बात करने पर तहसीलदार नवजीत कौर बराड़ ने बताया कि फसल का आबियाना नहीं जमा करवाने वाले 20 नंबरदारों को नोटिस जारी किया गया है।