अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। नगर परिषद फतेहाबाद द्वारा किए गए ओडीएफ प्लस के दावों की जांच करने के लिए बुधवार रात केंद्र से एक सदस्यीय टीम फतेहाबाद पहुंची। केंद्र द्वारा ओडीएफ प्लस के दावों की जांच करने पहुंचे सर्वेयर ने अपने बारे में किसी प्रकार की कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया और स्वच्छता मिशन के इंचार्ज कुमार सौरभ ने भी ऊपरी आदेशों का हवाला देते हुए सर्वेयर का नाम तक बताने से मना कर दिया।
नगर परिषद सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सर्वेयर ने वीरवार सुबह सबसे पहले शहर के विभिन्न सार्वजनिक शौचालयों की जांच की। इसमें हेरीटेज पार्क, पुराना बस स्टैंड स्थित शौचालय, रतिया चुंगी स्थित सार्वजनिक शौचालय शामिल हैं। इसके अलावा वीरवार अलसुबह शहर के बाहरी इलाकों में स्थित झुग्गी झोपड़ियों का भी दौरा किया और खुले में शौच की सत्यता जानी। नगर परिषद सूत्रों की मानें तो शुक्रवार सांय अपना निरीक्षण कर सर्वेयर वापिस रवाना हो गया। माना जा रहा है कि सोमवार तक सर्वेयर की ओर से फतेहाबाद शहर को ओडीएफ प्लस करने की रिपोर्ट सबमिट हो जाएगी और अगले सप्ताह तक इसका रिजल्ट भी सार्वजनिक कर दिया जाएगा।