फतेहाबाद में घरों में फॉगिंग करता कर्मचारी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। डेंगू का प्रकोप जिले में जारी है। वीरवार को जिले में डेंगू के 19 नए मरीज मिले हैं। इसमें 10 महिलाएं शामिल हैं। मरीजों का कुल आंकड़ा 880 तक पहुंच गया है। बच्चे भी डेंगू पॉजिटिव हो रहे हैं। रोजाना आ रहे डेंगू मरीजों में तीन से चार बच्चे पॉजिटिव मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को डेंगू के 96 सैंपल लिए हैं। अब तक 3277 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें 880 मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।
डेंगू के बढ़ते मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने इनडोर फॉगिंग भी शुरू कर दी है। जहां पर डेंगू के पॉजिटिव मरीज मिल रहे है उन घरों और आसपास के घरों में विभाग फॉगिंग करवा रहा है। इसके अलावा नप टीम ने शहर के वार्डों में फॉगिंग बढ़ाई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक भट्टूकलां में 8 वर्षीय बच्ची, हुडा सेक्टर फतेहाबाद में युवती, हिजरावां कलां में युवती, मताना में युवक, फतेहाबाद के जगजीवनपुरा में युवती, मॉडल टाउन में युवक, बड़ोपल में महिला, खैरातीखेड़ा में युवती, बनगांव में युवक, इंद्रपुरा मोहल्ला में युवती, टोहाना में पांच लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।
17 फीसदी मरीज अस्पताल में दाखिल
डेंगू के अब तक 17 फीसदी मरीज अस्पताल में दाखिल हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट की बात करें तो 880 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें 150 अस्पताल में दाखिल हुए थे। फिलहाल 16 मरीज दाखिल हैं और अब तक 134 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
कोट
डेंगू के जिले में वीरवार को 19 केस मिले हैं। लोगों से अपील है कि सावधानी बरतें। अपने घरों व आसपास पानी इकट्ठा न होने दें। लक्षण दिखने पर जांच जरूर करवाएं।
- डॉ. हनुमान, उप सिविल सर्जन