फतेहाबाद। जिला पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की। सीआईए प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल के नेतृत्व में अपराध शाखा ने इंस्टाग्राम आईडी शिकारी ग्रुप रतिया और फेसबुक आईडी जाटब्रांड ऑफिशियल पर कार्रवाई की है। पुलिस के इन पर आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन अकाउंट्स से जुड़े 19 फॉलोवर्स को सीआईए में तलब किया। पुलिस ने युवकों को सोशल मीडिया के दुरुपयोग से उत्पन्न दुष्परिणामों से अवगत कराया। इसके पश्चात उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी से संबंधित अकाउंट्स को अनफॉलो और ब्लॉक कर दिया। सभी फॉलोवर्स गांव गोरखपुर और रतिया क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए गए और सोशल मीडिया आईडी का रिकॉर्ड बनाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध, हथियार या असामाजिक गतिविधियों से जुड़े कंटेंट को फॉलो, शेयर या समर्थन करना भी अपराध को बढ़ावा देना है। जिला पुलिस सोशल मीडिया पर निरंतर निगरानी रख रही है। ऐसी गतिविधियों पर जागरूकता और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सतत जारी रखी जाएगी।