अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
गांव जांडली के पास तेज गति से आ रही कार के नीचे कुचले जाने से 55 साल के व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने कार चला रही एचडीएफसी बैंक उकलाना की महिला कैशियर के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के भतीजे संदीप कुमार की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत कर्ता ने बताया है कि जांडली खुर्द से मोची रोड पर तेज गति से कार चला रही युवती ने सड़क पर पैदल चल रहे चाचा रामकुमार पुत्र कन्हैया लाल को कुचल दिया। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप ने बताया कि महिला की पहचान गांव गोरखपुर निवासी सुमन उर्फ सुंदर देवी के रूप में हुई है। जो एचडीएफसी बैंक उकलाना में कार्यरत है। मृतक के शव का नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। जहां जांडली खुर्द में सोमवार की सांय को अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
कार छोड़ फरार हुई युवती
घटना के तुरंत बाद युवती मौके से खिसक गई। लेकिन पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी रमेश कुमार किरमारा ने बताया है कि संदीप की शिकायत पर कार चला रही महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।