अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना/रतिया।
संत रामपाल के सर्मथकों को जुटाकर यशपाल मलिक ने रैली में भीड़ दिखाई थी तथा यशपाल मलिक एवं भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कारण ही प्रदेश आरक्षण की आग में जला था। ये लोगों को भिड़ाकर डाका मारकर अपना काम साधना चाहते हैं। यह बात कुरूक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने टोहाना में प्रेसवार्ता में कही। इससे पूर्व राजकुमार सैनी का टोहाना पहुंचने पर लोकतंत्र सुरक्षा मंच के सदस्यों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। जहां देखने को मिला कि भाजपा के कार्यकर्ताओं की संख्या न के बराबर ही रही। इस दौरान सैनी की सुरक्षा की को देखते हुए डीएसपी जोगिंद्र शर्मा के नेतृत्व में 3 इंस्पेक्टर सहित सैकड़ों पुलिसकर्मी जगह-जगह तैनात किए गए थे, ताकि सैनी की सुरक्षा को कोई भेद न सके। कार्यक्रम के दौरान सैनी को फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। राजकुमार सैनी ने मंच के माध्यम से भूपेंद्र सिंह हुड्डा, यशपाल मलिक, इनेलो सुप्रीमो सहित भाजपा सरकार के सबका साथ सबका विकास के नारे पर भी प्रहार किया। इस दौरान सैनी ने लगातार लोगों को लोकतंत्र सुरक्षा मंच से जुड़ने का आह्वान किया।
वहीं रतिया संवाददाता के अनुसार, लोकतंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी शनिवार को रतिया पहुंचे। इस दौरान वे टोहाना रोड स्थित श्री गुरुनानक देव गोशाला के निकट अपने समर्थकों से मिले। इस मौके पर राजकुमार सैनी ने कहा कि मेरी किसी जाति विशेष से लड़ाई नहीं है। अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि तामिलनाडू में 80 प्रतिशत आरक्षण लागू है। हरियाणा में 100 प्रतिशत आरक्षण लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा का गरीबों को कोई लाभ नहीं मिल रहा।
मनरेगा को किसान से जोड़ना चाहिए। इससे किसान को फायदा मिलेगा और मजदूरों को भी लाभ मिल सकेगा। सैनी ने कहा कि जनवरी में प्रत्येक हलका में एक रैली होगी। वह 100 प्रतिशत आरक्षण के हक में है, लेकिन किसी जाति का विरोध नहीं कर रहा। जो भी सरकार में आता है वह अपने चाहतों के काम करता है लेकिन वह पांच मुद्दों पर प्रदेश की राजनीति करेगा। पहला मुद्दा जाति की जनसंख्या के आधार पर आरक्षण मिलना चाहिए ताकि कोई किसी का हिस्सा न छीन सके।