फतेहाबाद/रतिया/टोहाना। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के 19 जनवरी को होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक जिले में 18 उम्मीदवारों ने नामांकन फार्म भरा है। जिले में चार वार्ड बनाए गए हैं, जिनमें दो रतिया व रतनगढ़, एक-एक फतेहाबाद व टोहाना में है। सबसे अधिक फार्म रतिया क्षेत्र में ही आए हैं।
यहां रतिया शहर व गांव रतनगढ़ के वार्डों में 11 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें से आठ उम्मीदवारों ने तो शनिवार को ही फार्म भरे। रतनगढ़ के लिए बने वार्ड 26 में छह तथा रतिया के लिए वार्ड 28 में पांच उम्मीदवारों ने फार्म भरे हैं। अब रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 30 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल की जाएगी तथा 2 जनवरी को नामांकन वापस लेने की तिथि है। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह अलॉट किए जाएंगे।
-
इन्होंने किया रतिया व रतनगढ़ से नामांकन
तहसीलदार विजय कुमार व नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने बताया कि रतिया में वार्ड 28 के लिए पार्टी पंथक दल झींडा ग्रुप से जरनैल सिंह, आजाद उम्मीदवार गुरचरण सिंह, दादू ग्रुप से आजाद उम्मीदवार स्वर्ण सिंह लाली, आजाद उम्मीदवार इकबाल सिंह व मनजीत सिंह ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड 26 रतनगढ़ के लिए पार्टी पंथक दल झींडा ग्रुप से चिम्मो निवासी गुरचरण सिंह, पार्टी हरियाणा सिक्ख पंथक दल से गांव लधुवास निवासी काका सिंह, दादू ग्रुप से आजाद उम्मीदवार गांव कोलगढ़ निवासी सुखपाल सिंह सहोता, आजाद उम्मीदवार राजबीर सिंह बाड़ा व आजाद उम्मीदवार देवेंद्र सिंह चिम्मो, बलराज सिंह भानी खेड़ा ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
फतेहाबाद में ये आए तीन नामांकन
फतेहाबाद हलके से शिरोमणि अकाली दल आजाद के उम्मीदवार के रूप में गुरुद्वारा सिंह सभा के महासचिव महेंद्र सिंह वधवा, आजाद उम्मीदवार के तौर पर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के ब्लॉक प्रधान कर्मजीत सिंह सालमखेड़ा व आजाद उम्मीदवार नवजोत सिंह ने नामांकन दाखिल किया है।
-
टोहाना से ये बने उम्मीदवार
टोहाना में बने वार्ड 25 से जाखल निवासी हरपाल सिंह, नवी बस्ती जाखल निवासी अमनप्रीत कौर, जाखल निवासी जरनैल सिंह, गांव गुल्लरवाला निवासी हरदीप सिंह ने नामांकन दाखिल किया है।