अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। श्री अद्वैत स्वरूप विचार आश्रम ट्रस्ट की ओर से स्वामी विचार आत्मानंद महाराज की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विचार आश्रम मंदिर में विशाल रुहानी भजन संध्या एवं भक्ति संकीर्तन आयोजित किया गया। अध्यक्षता संत विचार सेवानंद महाराज ने की। इस भजन संध्या में श्री नंगली साहिब से स्वामी शब्द योगानंद, स्वामी सुखप्रेमानंद तथा दिल्ली से स्वामी हरिअनमोलानंद और बाबा श्याम प्रेमानंद, आध्यात्म प्रेमानंद ने अपने प्रवचनों से श्रृद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
श्री अद्वैत स्वरूप विचार आश्रम ट्रस्ट के सचिव स्वामी ध्यानप्रेमानंद जी ने बताया कि शनिवार को पूज्य श्री श्री 108 स्वामी विचार आत्मानंद जी महाराज की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 60 के करीब दर्जनो संत-महापुरुष देश भर से आकर स्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। स्वामी ध्यान प्रेमानंद के अनुसार इस समारोह में हरिद्वार से विशेष रूप से महामंडलेश्वर स्वामी शिव प्रेमानंद महाराज उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा संत आधार शब्दानंद महाराज दिल्ली से स्वामी केशवानंद महाराज अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति संदेश देंगे। शनिवार को ही दोपहर एक बजे ध्वजारोहण होगा। उसके बाद भंडारा चलेगा तथा रात्रि को संत महापुरुष भजन संकीर्तन करेंगे। गौरतलब है कि यह समारोह स्वामी आत्मानंद महाराज के 49वेें महानिर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाता है। इस मौके पर भाजपा के महामंत्री शम्मी धींगड़ा, श्री विचार सेवादल के प्रधान कृष्ण लाल वधवा, राजेश शर्मा, जय प्रकाश, सुरेंद्र टूटेजा, सुरेश टूटेजा, पिंकी बठला, अनिल वधवा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।