हड़ताल पर रहे 96 एनएचएम कर्मचारी, सरकारी एंबुलेंस खराब होने से सोसाइटी की एंबुलेंस के सहारे चला काम
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले तीन दिन से हड़ताल पर चल रहे एनएचएम कर्मचारियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। विभाग ने सीएमओ को आदेश दिए हैं कि जब तक आगामी आदेश ना हों तब तक हड़ताल पर गए किसी भी एंबुलेंस चालक को ज्वाइन ना करवाया जाए। इतना ही नहीं विभाग ने यह भी आदेश दिए हैं कि हड़ताल पर गए एंबुलेंस चालकों के स्थान पर आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाए। वहीं वीरवार को एनएचएम के 96 कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से जहां एंबुलेंस सेवाओं पर असर दिखा वहीं दफ्तरों में भी सेवाएं प्रभावित हुई। वहीं नागरिक अस्पताल की एक एंबुलेंस खराब होने के कारण श्याम वेलफेयर सोसाइटी की एंबुलेंस के सहारे काम चलता रहा।
--------
विभाग के नई भर्ती करने के आदेश, बिना आदेश हड़ताली चालक की ज्वाइनिंग पर रोक
हड़ताल पर सख्ती दिखाते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सीएमओ का आदेश दिए हैं कि हड़ताल पर चल रहे एंबुलेंस चालकों के स्थान पर आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाए। वहीं हड़ताल पर चल रहे एंबुलेंस चालकों को बिना विभाग के आगामी आदेशों तक ज्वाइन करवाने पर भी रोक लगाई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. हनुमान ने इसकी पुष्टि की है।
----
संस्था की एंबुलेंस के सहारे चला काम
वीरवार सुबह नागरिक अस्पताल की एक एंबुलेंस खराब होने के कारण लोगों को एंबुलेंस के लिए इंतजार करना पड़ा। हड़ताल के दौरान एंबुलेेंस नहीं मिलने के कारण एक परिवार जच्चा-बच्चा को घर ले जाने के लिए करीब एक घंटे एंबुलेंस का इंतजार करता रहा। इसे बाद मौके पर पहुंची बाबा श्याम वेलफेयर सोसाइटी की एंबुलेंस ने जच्चा-बच्चा को घर पहुंचाया। यहां बता दें कि उक्त सोसाइटी की एंबुलेंस हड़ताल के शुरू से ही निशुल्क सेवा प्रदान कर रही है। तथा सोसाइटी की एंबुलेंस ने अपना नंबर (9992311102) भी जारी किया हुआ है। ---------
कर्मचारी बोले, मांगे नहीं मानने तक जारी रहेगी हड़ताल
हड़ताल पर बैठे एनएचएम कर्मचारियों ने वीरवार को ऐलान कर दिया कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती वे हड़ताल जारी रखेंगे। यहां बता दें कि कर्मचारी समान काम समान वेतन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने तथा सातवें वेतन आयोग का लाभ दिए जाने सहित अपनी कुल सात मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं।