अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
फतेहाबाद जिले में बाईपास पुलों पर अगर आप गाड़ी चला रहे हैं तो जरा ध्यान से चलाइए। करोड़ों की लागत से नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए बनाया गया फतेहाबाद का मुख्य बाईपास गत दिवस हुई मामूली बारिश के बाद फटने लगा है। हालांकि, नेशनल हाईवे के अधिकारी अभी इसे अंडर कंस्ट्रक्शन बता रहे हैं। नेशनल हाईवे फिलहाल अनौपचारिक रूप से शुरू हो चुका है और इस पर से वाहनों का आवागमन भी जारी है। ऐसे में सड़क पर हुए गड्डे हादसे का कारण बन सकते हैं। दूसरी ओर, अधिकारियों का यहां तक कहना है कि अभी यह रोड़ अंडर कंस्ट्रक्शन है तो लोग बेशक यहां से ना जाएं। नेशनल हाईवे के कार्यकारी अभियंता आरके राठी का कहना है कि जब तक फतेहाबाद जिले में टोल व्यवस्था शुरू नहीं होती, तब तक इस बाईपास और फोरलेन को अंडर कंस्ट्रक्शन माना जाएगा।
22 किलोमीटर लंबा बाईपास, कई जगह सड़क खराब
फतेहाबाद जिले में धांगड़ गांव से बाईपास के ओवरब्रिज शुरू हो जाते हैं जो भूना मोड़, रतिया चुंगी, हिजरावां मोड़, दरियापुर नहर और गांव गिल्लाखेड़ा ढाणी के पास से होते हुए सिरसा जिले में शामिल हो जाते हैं। तकरीबन 22 किलोमीटर के इस बाईपास पर कई जगह पर सड़कों के बीच-बीच दरारें आ गई हैं तो कहीं पर सड़क किनारे गहरे गड्ढे हो गए हैं। हालांकि, कुछेक जगहों पर सड़क निर्माण में लगे ठेकेदारों ने सड़क की उखड़ती परतों को रिपेयर करने का प्रयास जरूर किया है। रिपेयरिंग सड़क की मिट्टी भी बारिश के दौरान सड़क से निकलती हुई दिख रही है।
रोजाना हजारों वाहनों का आवागमन, खतरे की आशंका
नेशनल हाईवे के अधिकारी जिले में टोल प्रक्रिया शुरू होने के बाद इस बाईपास को पूर्ण मानने की बात कह रहे हैं, लेकिन इस बाईपास पर से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन हो रहा है। इसमें आम गाड़ियों से लेकर बड़ी व्यावसायिक गाड़ियां भी शामिल हैं। ऐसे में अगर बारिश के दिनों में सड़कों की हालत बिगड़ रही है तो यहां से रोजाना गुजरने वाले हजारों लोग खतरे से गुजर रहे हैं। वहीं, इस बात से पल्ला झाड़ने वाले नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने सभी ओवरब्रिज पर एक भी बोर्ड नहीं लगा रखा, जिस पर बाईपास रोड अभी पूरा नहीं होने का जिक्र किया गया हो।
यह बात मेरी जानकारी में नहीं थी। संभव है कि बारिश के कारण सड़क की मिट्टी सरक रही हो। मैं खुद इसको देखूंगा और संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात करूंगा।
डॉ. जेके आभीर, जिला उपायुक्त, फतेहाबाद
फतेहाबाद जिले के अंदर पड़ने वाले बाईपास रोड और ओवरब्रिज अभी अंडर कंस्ट्रक्शन हैं। जब तक जिले में टोल प्रक्रिया शुरू नहीं हो जाती, तब तक हमारी ओर से काम पूरा नहीं माना जाता। टोल प्रक्रिया होने के बाद किसी सड़क में कोई दिक्कत आती है तो इसके लिए हमारी जिम्मेदारी बनेगी।
आरके राठी, कार्यकारी अभियंता, नेशनल हाईवे अथॉरिटी, हिसार