फतेहाबाद। मंगलवार को जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सतपाल रोज और जिला सलाहकार शर्मा चंद लाली के नेतृत्व में टीम अशोकनगर में पहुंची और यहां पर सर्वे किया। सर्वे के दौरान टीम ने पानी के 16 अवैध कनेक्शन काट दिए।
वार्ड 8 में एक प्लॉट में पेयजल सप्लाई से भिंडी की सब्जी उगाई जा रही थी। टीम ने संबंधित कनेक्शन भी काट दिए। कई लोगों ने संबंधित पार्षदों को फोन करके कार्रवाई रोकने की मांग भी की। टीम जब वार्ड में अवैध कनेक्शन काटने के लिए पहुंची तो यहां पर कई अवैध मिले। टीम ने इन्हें भी बंद करवा दिए।
इस दौरान संबंधित दुकानदारों ने एसडीओ सतपाल रोज के साथ बहस भी की। एसडीओ ने कहा कि अवैध कनेक्शनों के कारण अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पाता है। अगर पानी चाहिए तो कनेक्शन लेना होगा।
-
पांच दुकानदारों को दिए नोटिस
जनस्वास्थ्य विभाग के जिला सलाहकार शर्माचंद लाली ने बताया कि आमजन तक पीने का पानी पहुंचने व इसकी बर्बादी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अशोकनगर में जल सरंक्षण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गी है। पीने के पानी पर लगाए गए सब्जी व हरा चारा के 16 कनेक्शन काटे गए। इसके अलावा पांच दुकानदारों को नोटिस दिए गए है, अगर तय समय पर कनेक्शन नहीं लेते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।
-
रविवार रात को किया था प्रदर्शन
अशोकनगर में पेयजल सप्लाई न होने और पानी की कमी से परेशान वार्ड 8 के पार्षद चंद्रभान वधवा ने स्थानीय लोगों के साथ रविवार रात को प्रदर्शन किया था और सोमवार को अधिकारियों को घेरा था। उस दौरान पार्षद ने जनस्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए पानी की अनियमित आपूर्ति पर सवाल उठाया था।
-
जिन्होंने पीने के पानी पर हरा चारा सब्जी लगा रखी थी। उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कनेक्शन तुरंत प्रभाव से काट दिए है। यह अभियान जिले के सभी शहरों व सभी ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा ताकि सभी को स्वच्छ और पूरा जल मुहैया करवाया जा सके। पीने के पानी से संबंधित जो भी समस्याएं हैं उन सभी को चिह्नित करके तुरंत प्रभाव से ठीक किया जाएगा
- सतपाल रोज, उपमंडल अभियंता