रतिया। कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अवधि खत्म होने के बाद शनिवार को डाक्यूमेंट्स को सत्यापित करवाने के लिए भीड़ लगी रही। रतिया के जाखन दादी स्थित राजकीय महिला कॉलेज के प्रिंसिपल सीएल जस्सु ने बताया कि आवेदन की सीमा खत्म होने के बाद आवेदन करने वाली छात्राओं ने शनिवार को अपने दसवीं, बारहवीं के प्रमाणपत्र, ओरिजनल चरित्र प्रमाण पत्र, जाति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड आदि का वेरिफिकेशन करवाने पहुंची हैं और दाखिले के लिए पहली कट ऑफ लिस्ट 2 जुलाई 2019 को जारी होगी। जिसके तहत 6 जुलाई तक दाखिले किए जाएंगे व दूसरी मेरिट लिस्ट 9 जुलाई को जारी होगी, जिसके आधार पर 15 जुलाई तक दाखिले होंगे तथा 16 जुलाई को बची हुई सीटों का ब्यौरा तैयार किया जाएगा व मुख्यालय के निर्देशानुसार दाखिले किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस बार कॉलेज में बीए की 320 सीटें व बीकाम की 80 सीटें निर्धारित की गई है तथा 28 तक आवेदन के तहत उनके कालेज में बीए में 395 व बीकाम में 66 आवेदन आए हैं।
वहीं रतिया के सरदुलगढ रोड स्थित खालसा कॉलेज में भी ऑनलाइन दाखिले की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शनिवार को कॉलेज में विद्यार्थी अपने वेरिफिकेशन करवाने पहुंचे। प्राचार्य विकास आनंद ने बताया कि खालसा कॉलेज में बीए की 320 सीटें, कॉमर्स की 80 सीटें, नॉन मेडिकल की 80 सीटें व एमए पंजाबी की 40 सीटें हैं तथा उनके कॉलेज में ऑनलाइन आवेदन के तहत बीए में 574, कॉमर्स में 48 व नॉन मेडिकल में 36 आवेदन आए हैं। एमए पंजाबी में दाखिला लेने के लिए प्रक्रिया अभी चल रही है व इच्छुक विद्यार्थी 9 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पहली मेरिट लिस्ट 2 जुलाई व दूसरी लिस्ट 9 जुलाई को जारी होगी । रतिया क्षेत्र में इस बार कला संकाय (बीए) के लिए मारामारी ज्यादा हो रही है व कॉमर्स तथा बीएसई में छात्रों की रुचि ज्यादा नहीं लग रही है व अधिकतर सीटें ही खाली पड़ी हैं। खालसा कॉलेज में तो बीए की 320 सीटो के लिए आवेदन सीटों से लगभग दो गुना आए हैं परंतु कॉमर्स की कुल 80 सीटों के मुकाबले मात्र 48 व बीएसई में मात्र 36 आवेदन ही आए हैं। वही दूसरी तरफ राजकीय महिला कॉलेज में भी बीए में आवेदन जहां सीटों से ज्यादा हैं, वहीं कॉमर्स में 80 सीटों पर 66 आवेदन आए हैं तथा कॉमर्स में सीटें खाली पड़ी हैं। आर्ट्स में ज्यादा आवेदन आने से मेरिट लिस्ट भी उच्च स्तर पर जाएगी।