अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। नगरपालिका कर्मचारी संघ शाखा फतेहाबाद के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। नगर परिषद फतेहाबाद के कर्मचारी 12-12 घंटे भूख हड़ताल पर बैठकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना रोष जताएंगे। सोमवार को प्रदर्शन की अध्यक्षता वरिष्ठ उपप्रधान ओमप्रकाश लोट ने की।
भूख हड़ताल में ललित कमल, जयवीर, सतीश सरबटा, भगवान दास, अनिल, ओमप्रकाश लोट, प्रधान राजाराम, रमेश तोषामढ़, नरेश राणा, किरण बाला, पवन सहित अनेक कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश लोट ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारी 21 फरवरी को दिल्ली में संसद भवन पर किए जाने वाले प्रदर्शन में भी बढ़ चढ़कर भाग लेंगे। प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने पुरानी पेंशन नीति को बहाल करने, सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार समान काम-समान वेतन लागू करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से कर्मचारियों को वर्दी, रिक्शा-रेहड़ी व अन्य मांगों को लेकर बातचीत द्वारा पूरा किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों की ओर अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया तो नगरपालिका कर्मचारी संघ कड़ा कदम उठाने को मजबूर होगा।