अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जिला परिषद चेयरमैन गीता नांगली के खिलाफ 12 दिसंबर को होने वाले अविश्वास प्रस्ताव से दो दिन पहले जिला परिषद के दो पार्षद सुरजीत ओड और मंदीप कौर गिल को हिसार में जिप चेयरमैन गीता नांगली के पति कृष्ण नांगली से साढ़े तीन लाख रुपये की टोकन मनी लेते स्टेट विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने मंदीप कौर गिल के पति टीटू गिल व एक अन्य पार्षद के रिश्तेदार को भी हिरासत में लिया है।
सूत्रों की मानें तो कृष्ण नांगली द्वारा बिछाए गए जाल में तकरीबन 6 जिप पार्षद फंसने वाले थे, लेकिन ऐन मौके पर बाकी पार्षद बच निकले। सुरजीत ओड अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी हैं। उधर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला व जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने इस मामले से अनभिज्ञता जाहिर की है। गौरतलब है कि 3 दिसंबर को जिला परिषद पार्षदों ने जिप चेयरमैन गीता नांगली में अविश्वास जताते हुए डीसी डा. जेके आभीर को ज्ञापन सौंपकर अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग रखी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए डीसी डा. जेके आभीर ने अगले ही दिन ये ऐलान कर दिया था कि 12 दिसंबर को गीता नांगली के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग करवाई जाएगी।
अलग-अलग जगहों पर पैसे लेते किया गया दोनों पार्षदों को काबू
मिली जानकारी के अनुसार जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कृष्ण नांगली से मंदीप कौर गिल व सुरजीत ओड कई दिनों से अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मोलभाव कर रहे थे। कई दिनों की बातचीत के दौरान कृष्ण नांगली ने इस मामले की शिकायत स्टेट विजिलेंस को सौंप दी। जिसके बाद स्टेट विजिलेंस टीम के कहे अनुसार कृष्ण नांगली ने कई पार्षदों को हिसार आकर टोकन मनी ले जाने को कहा। इसके बाद सोमवार दोपहर बाद पहले सुरजीत ओड हिसार पहुंचे और दिल्ली रोड पर स्थित होटल चांद-सितारा पर कृष्ण नांगली से पैसे लेने पहुंच गए। इस दौरान जैसे ही उन्होंने नांगली से पैसे पकड़े, उसी समय वहां छिपकर इंतजार कर स्टेट विजिलेंस की टीम ने सुरजीत ओड को रंगे हाथों काबू कर लिया। दूसरी ओर जिप पार्षद मंदीप कौर गिल को बस स्टैंड के पास से पैसे लेते काबू किया गया।
-------------------------
जिप उपाध्यक्ष कमला भुक्कर और जगदीश ओड के नाम पर भी पैसे मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता कृष्ण नांगली की मानें तो सुरजीत ओड ने जिला परिषद उपाध्यक्ष कमला भुक्कर व पार्षद जगदीश ओड के नाम के भी पैसों की डिमांड रखी थी। नांगली के अनुसार कमला भुक्कर व जगदीश ओड ने उनसे कहा था कि जितनी टोकन मनी सुरजीत ओड को दो, मुझे भी उतनी ही मिलनी चाहिए और सुरजीत के हाथ ही भिजवा देना। हालांकि जिला परिषद उपाध्यक्ष कमला भुक्कर ने इन आरोपों से इंकार किया है। उनसे संपर्क किए जाने पर उन्होंने साफ कहा कि वो फिलहाल फतेहाबाद ही हैं और इस बारे में उनकी किसी से कोई बातचीत नहीं हुई है।
वर्जन
मुझे अभी इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर किसी ने गलत काम किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होगी। फिलहाल इस मामले की पूरी जानकारी मिलने के बाद ही कुछ कह सकूंगा।
- सुभाष बराला, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष।
मुझे अभी आपके माध्यम से ही इस बात की जानकारी मिली है। मैं जानकारी जुटा रहा हूं। अगर कोई बीजेपी पार्षद या पदाधिकारी इस काम में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ पूरी रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जाएगी और कड़ी से कड़ी कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
वेद फुलां, बीजेपी जिलाध्यक्ष।