अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। प्रदेश स्तर पर इंस्पेक्टर स्तर के पुलिस अधिकारियों के व्यापक तबादलों का असर फतेहाबाद जिले के पुलिस विभाग पर भी पड़ा है। जिले के नौ इंस्पेक्टर फतेहाबाद से दूसरे जिलों में भेज दिए गए हैं। इनमें से पांच इंस्पेक्टर वर्तमान में थानों के एसएचओ के तौर पर काम कर रहे थे। फतेहाबाद से ज्यादातर एसएचओ कैथल, सिरसा एवं हिसार भेजे गए हैं जबकि इन्हीं जिलों में काम करने वाले इंस्पेक्टर फतेहाबाद भेजे गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार फतेहाबाद शहर थानाध्यक्ष रिछपाल साहू को हिसार, ट्रैफिक थाना प्रभारी रूपेश चौधरी को हिसार, महिला थाना प्रभारी मंजू सिंह को कैथल, रतिया सिटी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह को हिसार, भट्टू थाना प्रभारी मुकेश कुमार एवं टोहाना शहर थानाध्यक्ष अरूणा कुमारी को सिरसा, सर्बजीत कौर का हिसार, राजेश का हिसार के साथ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार का भी कैथल तबादला कर दिया गया है। इस तबादला सूची में जिन इंस्पेक्टरों को फतेहाबाद भेजा गया है, उनमें कैथल से इंस्पेक्टर सतबीर सिंह, इंस्पेक्टर मंदीप कुमार एवं रमेश चंद्र शामिल हैं। इसके अलावा हिसार से इंस्पेक्टर बलबीर सिंह, देवेंद्र सिंह, जोगिंद्र सिंह, इंस्पेक्टर कविता, इंस्पेक्टर मंदीप, सिरसा से परमजीत सिंह शामिल हैं।