टोहाना। बीते दिन स्थानीय वाल्मीकि चौक से कार सहित ड्राइवर के अपहरण मामले में आखिरकार टोहाना पुलिस ने एक ही दिन में इस मामले में कार चालक आदिल को ही काबू कर लिया है। कार बीती रात ही पटियाला से बरामद कर ली गई थी। कार जाखल के सरपंच सुरेंद्र मित्तल के भाई एवं बर्तन व्यापारी अशोक मित्तल की थी और जिस ड्राइवर आदिल के अपहरण की बात कही जा रही थी, वो दरअसल आरोपियों का ही साथी निकला और ये सारा ड्रामा कार हथियाने के इरादे से किए जाने के इरादे से माना जा रहा है। इस मामले में गाड़ी के मालिक अशोक मित्तल का मोबाइल गाड़ी में ही रह गया था जिसकी लोकेशन की मदद से पुलिस ने आदिल और कार को बरामद करने में कामयाबी हासिल की है। टोहाना के डीएसपी शमशेर सिंह दहिया ने शुक्रवार सांय पत्रकारों से बातचीत में इस मामले का खुलासा किया।
इस बारे में डीएसपी शमशेर दहिया ने बताया कि पुलिस के पास जाखल निवासी अशोक मित्तल ने शिकायत दी थी कि कुछ अज्ञात युवक उसकी गाड़ी को चालक सहित ले गए है। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। डीएसपी ने बताया कि इस मामले में गाड़ी मालिक मित्तल ने ड्राइवर पर भी शक जताया था जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर गुरुवार रात को लगभग दस बजे गाड़ी को पंजाब पुलिस की मदद से पटियाला से काबू कर लिया था। और इसके बाद आरोपी आदिल को भी पटियाला से ही गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी दहिया ने बताया कि आरोपी आदिल जाखल का रहने वाला है और पूछताछ में उसने गिरोह के सदस्य पटियाला निवासी नूर संधू एवं करण संधू का नाम लिया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी आदिल पुत्र यामीन को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा जिसके बाद उसका रिमांड लिया जाएगा ताकि अन्य आरोपियों की भी शिनाख्त की जा सके। उन्होंने बताया कि आरोपी की जांच के बाद पता चलेगा कि इससे पहले भी उसने ऐसी किसी घटना को अंजाम दिया है या नही।
गाड़ी बेचकर कमाते थे रुपये
डीएसपी ने बताया कि आरोपी इस प्रकार से गाड़ी लूटकर फिर उसे बेच देते थे जिसके बाद जो राशि आती थी उसे बांट लेते थे । डीएसपी शमशेर सिंह दहिया ने बताया कि आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद कई खुलासे होने की उम्मीद है।
ये था पूरा मामला।
गौरतलब है कि बीते दिन जाखल के सरपंच सुरेंद्र मित्तल का भाई एवं बर्तन व्यापारी अशोक मित्तल ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वो किसी काम से अपनी आई-20 कार लेकर टोहाना आए थे और आरसी लेने के जाने के दौरान वो गाड़ी में ड्राइवर आदिल को छोड़कर निकल गए थे। वापसी में उन्हें गाड़ी नहीं मिली। बाद में उन्होंने गाड़ी में मौजूद अपने नंबर पर फोन मिलाया तो आदिल ने उसे बताया कि वो वाल्मीकि चौक पर किसी काम से आया है। जब मित्तल वाल्मीकि चौक पर पहुंचे तो वहां पर ना तो कार दिखी और ना ही आदिल। आसपास के लोगों ने बताया कि कुछ देर पहले एक अन्य कार में सवार कुछ हथियारबंद युवकों ने उसकी आई-20 कार व उसके ड्राइवर आदिल को किडनेप कर लिया है। इसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया।