स्टाफ नर्सों से दुर्व्यवहार मामला....
चेयरमैन कंबोज की शिकायत पर डॉ. शर्मा पर केस, भड़के स्वास्थ्यकर्मी
बीते दिन पंचायत के दौरान उलझे थे कंबोज व डॉ. शर्मा, कांग्रेस ने दिया स्वास्थ्यकर्मियों को समर्थन
डॉक्टर ने भी दी मार्केट कमेटी चेयरमैन के खिलाफ शिकायत, जांच के लिए टीम गठित
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
सिविल अस्पताल की स्टाफ नर्सों के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे पर केस कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ शनिवार की देर शाम को इस मामले के समझौते में मार्केट कमेटी के चेयरमैन श्याम कंबोज व चिकित्सक डॉ. दीपक शर्मा के बीच हुई तकरार को लेकर पुलिस ने चेयरमैन की शिकायत पर चिकित्सक पर मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में चिकित्सक ने भी चेयरमैन के खिलाफ शिकायत दी है, जिसको लेकर पुलिस ने जांच हेतु टीम गठित कर दी है।
पुलिस द्वारा चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के पश्चात स्वास्थ्य कर्मियों में एक बार फिर आक्रोश फैल गया। चिकित्सक पर बनाए गए मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर सामान्य अस्पताल के बाहर धरना दिया। काम का बहिष्कार करने के पश्चात धरने पर बैठे स्वास्थ्य कर्मियों ने राजनीतिक दबाव के चलते झूठे मुकदमे बनाने और प्रताड़ित करने का खुला आरोप लगाया और इसके साथ-साथ उन्होंने दुर्व्यवहार करने वाले परिवार के सदस्यों को तुरंत गिरफ्तार करने व झूठा मुकद्दमा वापस लेने की मांग को लेकर धरने के साथ विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन व धरने में कांग्रेस पार्टी ने भी समर्थन दिया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जयपाल सिंह लाली व सचिव अंग्रेज सिंह लाली ने धरने- के बीच बैठकर सरकार के प्रति जमकर भड़ास निकाली और पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ठीक न होने का भी आरोप लगाया।
वीरवार की रात स्वास्थ्य विभाग की स्टाफ नर्स कमलजीत कौर व सुरेन्द्र कौर ड्यूटी पर थी तो उसी दौरान एक गर्भवती महिला के साथ शहर के भगवान दास का बेटा उपचार के लिए आया था तो इस दौरान उपचार को लेकर नोक-झोंक हो गई थी। स्टाफ नर्स ने मुख्य चिकित्सक के माध्यम से ही पुलिस को शिकायत देेते हुए आरोप लगाया था कि भगवान दास व उसके बेटे ने न केवल उनके साथ दुव्र्यवहार किया, बल्कि सरकारी काम में बाधा भी पहुंचाई। इस मामले में पंचायत के दौरान चेयरमैन कंबोज व डाक्टर दीपक शर्मा के बीच विवाद बढ़ गया था।
धरनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी
स्वास्थ्य कर्मियों के बहिष्कार व धरने को देखते हुए थाना प्रभारी विक्रमजीत व चौकी प्रभारी जगदीश चन्द्र धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आश्वस्त करते हुए बताया कि दुर्व्यवहार करने वाले आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि चेयरमैन व डा. दीपक शर्मा के मामले को लेकर क्रॉस मामला दर्ज किया गया है और इसके लिए चौकी प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है जो कि पूरे मामले की जांच करेगी। जांच के पश्चात ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद ही स्वास्थ्य कर्मियों ने धरना समाप्त किया।
02एफटीबीपी16 : रतिया में अस्पताल परिसर में स्वास्थ्यकर्मियों के धरने पर पहुंचे कांग्रेस नेता ।
02एफटीबीपी17 : रतिया में धरनारत कर्मचारियों को समझाने का प्रयास करते एसएचओ विक्रमजीत ।