मेला समाधां में उमड़े पूरे देश के श्रद्धालु, सिद्धों का किया गुणगान
अमर उजाल ब्यूरो
फतेहाबाद।
लाजपत नगर में समाधां मंदिर में रविवार को 68 वां मेला समाधां लगा। मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े और सिद्धों की समाधियों पर माथा टेका। यह मेला हर साल नवरात्र के प्रथम रविवार को सिद्धों की याद लगता है। मेले में सुबह सत्संग और प्रवचन हुए। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर चला। शाम को भजन उपदेशों के बाद सिद्धों की अमर गाथा हुई। अंत में आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
मेले में हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान सहित पूरे उत्तर भारत से श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार दास अमित मुंजाल ने भजन प्रस्तुत किए। हरिद्वार से आए रामसागर संगीताचार्य ने सिद्धों की महिमा का गुणगान किया, तो ओमप्रकाश सरल पार्टी ने गाने गाए। मेला समाधां के प्रधान डॉ. नवजीवन गोस्वामी और संरक्षक राज गोस्वामी ने बताया कि भारत-पाकिस्तान के विभाजन के बाद से यहां पर हर साल मेला लगता है। इसमें पूरे उत्तर भारत से श्रद्धालु उमड़ते हैं। उन्होंने बताया कि इस मेले का बहुत महत्व है। यहां पर पाकिस्तान के मुलतान शहर के गांव मैलसी से गुरु जगननाथ की समाधि की मिट्टी लाकर समाधि बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर कई चमत्कार भी हुए हैं। गुरु जगननाथ के बाद जब यहां पर उनके शिष्य गुरु बिहारीलाल की समाधि का निर्माण किया गया तो तीन दिन लगातार रात को समाधि गिरी हुई मिली। बाद में पता चला कि शिष्य की समाधि गुरु की समाधि से बड़ी बना दी गई थी। इस कारण यह प्रकरण हो रहा था। बाद में समाधि को छोटा बनाया गया तो वह स्थिर रही। इस अवसर पर मेला समाधां के संरक्षक डॉ. केशव गोस्वामी, डॉ. लक्ष्मी गोस्वामी, भिवानी से आए डॉ. चंद्र गोस्वामी, धर्मेंद्र गोस्वामी, देवेंद्र गोस्वामी, कोषाध्यक्ष चंदन गोस्वामी, शैलेंद्र गोस्वामी, बॉबी गोस्वामी, हितेश गोस्वामी, जिम्मी गोस्वामी, साहिल गोसाई आदि उपस्थित थे।