भट्टू कलां। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर-पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के 15 स्टेशनों के अलावा सात स्टेशनों पर भी पुनर्विकास कार्य होगा। इन सात स्टेशनों में से भट्टू स्टेशन पर 12.34 करोड़ की लागत से पुनर्विकास का कार्य चल रहा है। लगभग 10 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शशिकिरण ने बताया कि स्टेशन भवन के समरूप में बड़े स्तर पर सुधार कार्य, स्टेशन की ओर आने-जाने वाले मार्ग में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग प्रावधान का कार्य, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया में सुंदरीकरण, वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा, बुकिंग ऑफिस रिटायरिंग रूम आदि में सुधार, नए टॉयलेट ब्लॉक्स का कार्य किया जाएगा। एलईडी लाइटिंग और दीवारों पर आर्टवर्क भी किया जाएगा।
स्टेशन का मुख्य प्रवेश द्वार आकर्षक बनाया जाएगा। जिसकी छत पर कला एवं संस्कृति का समन्वय करते हुए कलाकारों द्वारा आकर्षक पेंटिंग की जाएगी।
डिस्पले बोर्ड से लेकर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगेंगे
यात्री सूचना प्रणाली में सुधार के लिए कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन डिस्पले बोर्ड, सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़ी एलईडी स्क्रीन और जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक भी लगाए जाएंगे। लाइट व्यवस्था, सुगम, निर्बाध एवं निरंतर तकनीकी रेल कार्यों के संचालन के लिए सोलर ऊर्जा प्लांट भी स्थापित किया जाएगा।