नप बैठक : महिला पार्षदों के सवालों ने घेरा अध्यक्ष दर्शन नागपाल को, नहीं दे पाए जवाब
ज्योति मेहता ने बिना काम के 7 लाख रुपये जारी करने पर उठाए सवाल, श्वेता बाघला ने मांगे सीसीटीवी
नेहा मित्तल ने बेंच और किरण नारंग ने रोया अफसरों द्वारा बात ना सुनने का रोना
कविता शर्मा ने उठाया सफाई व्यवस्था का मुद्दा, वजीर जाखड़ और राजेश जांगड़ा भी रहे मुखर
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
नगर परिषद की बैठक प्रधान दर्शन नागपाल को कई दिनों तक याद रहेगी। महिला पार्षदों ने मंगलवार को बैठक में अध्यक्ष पर सवालों के ऐसे तीर छोड़े कि प्रधान से जवाब देते नहीं बना। सवालों से बौखलाए नप प्रधान कई बार महिला पार्षदों से ही बहस कर अपनी खीज मिटाते नजर आए। आलम ये था कि महिला पार्षदों द्वारा उठाए गए किसी मुद्दे का नप प्रधान व प्रशासन के पास कोई सीधा जवाब नहीं था और ईओ एवं एमई खुद के नए होने का बहाना बनकर सवालों की बौछारों से बचते दिखे। हालांकि सफाई और कर्मचारियों के मुद्दे पर ईओ अमन ढांडा ने कमेटी के सदस्यों को आश्वस्त किया।
ज्योति मेहता ने परचेज कमेटी पर उठाए सवाल तो श्वेता बाघला टुटेजा ने मांगे सीसीटीवी
पार्षद ज्योति मेहता ने बैठक में नप के लिए सामान खरीदने वाली परचेज कमेटी पर सवाल खड़े किए। ज्योति मेहता खुद परचेज कमेटी की सदस्य हैं। उनका आरोप था कि उनकी राय नहीं ली जा रही है। इसके अलावा उन्होंने सनसनीखेज आरोप लगाए कि उनके वार्ड में 7 लाख रुपये के विकास कार्य होने का दावा करते हुए ठेकेदार के बिल पास हो गए, लेकिन उनके वार्ड में काम दस हजार का भी नहीं हुआ है। इसके बाद एमसी कॉलोनी की पार्षद श्वेता बाघला टुटेजा ने सीसीटीवी के मुद्दे पर प्रधान को घेरने का प्रयास किया। उनके तीखे सवालों और हाजिर जवाबों ने प्रधान दर्शन नागपाल को खीझने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने अपने वार्ड के लिए सीसीटीवी की डिमांड रखी थी, लेकिन फिलहाल उनकी मांग नामंजूर कर दी गई। नेहा मित्तल ने कई वार्डों में डी-प्लान के तहत बेंच लगने का मुद्दा उठाते हुए अपने वार्ड में भी बेंच की मांग रखी लेकिन उनकी बात को तवज्जो ना मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को खूब-खरी खोटी सुनाई। सन्यास आश्रम रोड़ की पार्षद किरण नारंग ने सफाई कर्मचारियों और नप जेई के फोन ना उठाने और उनकी बात ना सुनने का दुखड़ा रोया।
पुरुष पार्षदों में वजीर जाखड़ और राजेश जांगड़ा रहे मुखर, दोनों ने उठाए मुद्दे
नप बैठक वैसे तो पूरी तरह महिला पार्षदों के तीखे तेवरों के नाम रही। इसके बावजूद पार्षद वजीर जाखड़ और राजेश जांगड़ा ने भी खूब सुर्खियां बटोरी। जाखड़ ने कर्मचारियों के काम पर नहीं आने और नए कर्मचारियों की पहचान तक नहीं होने की बात कही। पार्षदों को यहां तक नहीं पता कि दफ्तर में चपड़ासी कितने हैं और उनको पानी तक नहीं मिलता। वहीं राजेश जांगड़ा ने एक ठेकेदार पर उनके वार्ड का काम अधूरा छोड़ने और उनकी लिखी शिकायत पर ठेकेदार द्वारा कमेंट लिखने का शिकायत रखी।
04एफटीबीपी12 : नगर परिषद की बैठक में ठेकेदार के खिलाफ अपनी बात रखी पार्षद ज्योति मेहता।
04एफटीबीपी13 : नगर परिषद अधिकारियों से सवाल-जवाब करती पार्षद श्वेता बाघला टुटेजा ।
04एफटीबीपी 14 : बैठक में अपनी बात रखते पार्षद वजीर जाखड़ ।