सफेद मक्खी के नुकसान का मुआवजा जल्द लें किसान : तहसीलदार
मुआवजा के लिए जरूरी दस्तावेज व बैंक खाता नंबर जमा करवाएं
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
जिन किसानों की फसल सफेद मक्खी के प्रकोप से खराब हो गई और उन्होंने अभी तक मुआवजा नहीं लिया है ऐसे किसान एक सप्ताह में संबंधित तहसील कार्यालय व संबंधित पटवारी से संपर्क कर मुआवजा राशि ले सकते हैं। यह बात तहसीलदार नवदीप सिंह ने कहा। उन्होंने कहा कि सप्ताह के बाद यह मुआवजा राशि वापस सरकार के पास वापस भेज दी जाएगी।
प्रदेश सरकार ने खरीफ फसल 2015 के मुआवजा की शेष राशि को वितरित करने के लिए प्रशासन को जारी की है। पहले भी किसानों को इस फसल का मुआवजा वितरित किया जा चुका है, परंतु कुछ किसानों ने मुआवजा राशि नहीं ली थी और किसान लगातार मुआवजा की मांग भी कर रहे थे। इसलिए सरकार ने इस फसल की मुआवजा राशि को एक बार फिर जारी करते हुए किसानों में वितरित करने को कहा है। तहसीलदार ने गांव के जनप्रतिनिधियों व नंबरदारों से भी अपील की है कि वह राशि से वंचित रहे किसानों को इस बारे अवगत करवाएं तथा उनके मुआवजा राशि से संबंधित कागज पूरे करवाकर बैंक खाते सहित तहसील कार्यालय में पटवारियों के पास जमा करवाने में उनका सहयोग करें।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि जिन किसानों को सफेद मक्खी के प्रकोप से खरीफ 2015 की फसल का मुआवजा नहीं मिला है, वे अपना मुआवजा लेने के लिए तहसील कार्यालय या संबंधित पटवारी के पास जरूरी दस्तावेज व बैंक खाता नंबर एक सप्ताह के अंदर जमा करवाना सुनिश्चित करें, ताकि शीघ्र मुआवजा राशि उनके खातों में डलवाई जा सके।