अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गांव बोसवाल में बिजली का कनेक्शन कटने से खफा एक परिवार के 8 लोगों ने गांव की सरपंच और उसके परिवार पर शुक्रवार को हमला कर दिया। इस दौरान बिजली निगम के जेई व दो लाइनमैन भी सरपंच के घर मौजूद थे। शहर थाना पुलिस ने इस संबंध में सरपंच मीना देवी की शिकायत के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ मारपीट व एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सरपंच मीना देवी ने बताया कि जिस ट्यूबवेल का कनेक्शन काटने के लिए बिजली निगम की टीम आई थी वह उनके खेत में है लेकिन वह गांव के ही श्रवण के पिता के नाम है। शिकायत में बताया गया है उक्त ट्यूबवेल का पिछले कई दिनों से उपभोक्ता कोर्ट में केस चल रहा था। जहां से केस रद्द होने के बाद शुक्रवार को विभाग के जेई दो लाइनमैन के साथ कनेक्शन को काटने पहुंचे थे, जेई सुभाष भादू ने इसकी पुष्टि की है। आरोप है कि जब विभाग की टीम सरपंच के घर बैठी थी इसी दौरान कनेक्शन कटने से खफा गांव के ही श्रवण, अशोक, अनिल, अमन, रक्षा देवी, गुरदीप, पुष्पा देवी व इंद्रजीत ने सरपंच के घर में घुसकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस खेत में ट्यूबवेल लगा हुआ है उस जमीन को लेकर सरपंच व आरोपी परिवार के बीच कोर्ट में केस भी चल रहा है। सरपंच परिवार का कहना है कि जिस जमीन में ट्यूबवेल लगा हुआ है वह उनकी है, लेकिन उसमें लगा हुआ ट्यूबवेल आरोपी श्रवण के पिता बच्चन सिंह के नाम पर है। बताया जा रहा है कि आरोपी ट्यूबवेल का कनेक्शन कटने से खफा थे इसी लिए उन्होंने सरपंच व उसके परिवार पर हमला किया था।
वहीं उक्त मामले में आरोपी परिवार ने भी शहर थाना में सरपंच व उनके परिवार के खिलाफ इस मामले में सरपंच में उसके परिवार के लोगों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शहर थाना प्रभारी रिछपाल साहू ने सरपंच की शिकायत के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले की तह तक पहुंच जाएगी। वर्जन
ट्यूबवेल के कनेक्शन का मामला उपभोक्ता कोर्ट में चल रहा है। जहां से कुछ दिन पहले केस रद्द हो गया था तथा कनेक्शन अवैध रूप से चल रहा था। मैं और दो लाइनमैन उच्च अधिकारियों के आदेश के अनुसार कनेक्शन काटने के लिए गए थे।
- सुभाष भादू, जेई बिजली निगम फतेहाबाद।