अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। स्वस्थ व्यक्ति समाज व राष्ट्र के नव निर्माण में अह्म भूमिका निभाता है। स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनाना होगा। यह बात उपमंडलाधीश सतबीर जांगु ने स्थानीय पंचायत भवन में मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाने से पूर्व कही। मैराथन दौड़ पंचायत भवन से शुरू होकर पुराना बस अड्डा, भूना मोड़, शहीद स्मारक, लघु सचिवालय आदि से होते हुए पंचायत भवन में संपन्न हुई।
इस दौरान शहीद स्मारक और लघु सचिवालय के प्रांगण में मैराथन दौड़ का प्रशासनिक अधिकारियों व गणमान्य व्यक्तियों ने स्वागत किया। एसडीएम सतबीर जांगु ने कहा कि जिला में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। वहीं सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। उन्होंने बताया कि योग दिवस समारोह में 5 हजार से भी अधिक लोग भाग लेंगे, जिनके लिए बैठने व योगाभ्यास के लिए उचित प्रबंध किए गए है। स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय आदि का भी प्रबंध किए जाएंगे। समारोह स्थल को स्वच्छ व सुंदर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि योग को पूरी दुनिया ने माना है और योग को अपना भी रही है। इसलिए योग को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी बिजेंद्र भारद्वाज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को जिला स्तर पर स्थानीय एमएम कॉलेज के प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह के मुख्यातिथि उचाना विधायक प्रेमलता होगी, प्रात: 6 बजे से योगाभ्यास कार्यक्रम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, आयुष विभाग व पतंजलि योग समिति के संयुक्त प्रयास से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी धार्मिक-सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों व जिलावासियों से आग्रह किया है कि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को उमंग व उत्साह के साथ मनाए और अपने नजदीक के आयोजित कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर भाग ले।
समाज व राष्ट्र मेें स्वस्थ व्यक्ति कि विशेष भूमिका : एसडीएम
योग दिवस से पूर्व मैराथन में दौडे़ शहरवासी, जिला स्तरीय कार्यक्रम में 5 हजार लोग आज करेंगे योगाभ्यास
07अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते एसडीएम सतबीर जांगु, साथ है अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण।