खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने कई दुकानों का किया औचक निरीक्षण, लिए सैंपल
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद । खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की एक टीम ने शुक्रवार को बीघड़ रोड़ पर स्थित कई दुकानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। विभाग की टीम द्वारा सैंपलिंग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार दुकानें बंद कर भूमिगत हो गए। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की एक टीम का नेतृत्व विभाग के आला अधिकारी सुरेंद्र पूनियां ने किया। इस दौरान तकरीबन सात दुकानों व तीन दूध की डेयरी से दूध, पनीर एवं दही का सैंपल लिया। इसी तरह बीघड़ रोड़ पर स्थित एक बेकरी की शिकायत मिलने पर पूनियां के नेतृत्व में विभाग की एक टीम वहां भी पहुंची और खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। पूनियां ने बताया कि इन सैंपलों को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा और लैब से खाद्य पदार्थों की रिपोर्ट आने के बाद उसी अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र पूनियां ने बताया कि पिछले कई दिनों से उन्हें शिकायत मिल रही थी कि बीघड़ रोड़ पर कई दुकानें व बेकरी के अलावा कई दूध की डेयरियों पर भी मिल्क प्रोडक्ट्स खराब क्वालिटी के बेचे जा रहे हैं। इसी पर कार्रवाई करते विभाग के कई कर्मचारियों को साथ लेकर उन्होंने इन दुकानों पर औचक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं।