अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद/रतिया। फतेहाबाद के एक मोहल्ला से महिला और रतिया से एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज करके उनकी तलाश आरंभ कर दी है। फतेहाबाद के मोहल्ला से एक 30 साल की महिला के लापता होने की खबर है। महिला की मां ने फतेहाबाद शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी ससुराल से उसके पास आई हुई थी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी 20 फरवरी को वापस अपने ससुराल जाने के लिए फतेहाबाद बस स्टैंड पर गई, लेकिन वह ना तो अपने ससुराल पहुंची और न ही वापस उसके पास आई। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया है। वहीं दूसरी ओर रतिया से 20 वर्षीय युवती गायब हो गई। लापता युवती के पिता ने शहर रतिया पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसकी बेटी 19 फरवरी को घर में बिना किसी को कुछ बताए कहीं चली गई जो कि अभी तक घर वापस नहीं आई।